T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत से हार के बाद PCB चीफ मोहसिन नकवी का फूटा गुस्सा! बाबर-अफरीदी को टीम से बाहर करने की तैयारी

T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ पाकिस्तान की 61 रनों की करारी हार के बाद PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी बेहद नाराज हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह मैच खत्म होने से पहले ही स्टेडियम छोड़कर चले गए और टीम मैनेजर को कड़ा संदेश भेजते हुए टीम में बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं।
T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत से हार के बाद PCB चीफ मोहसिन नकवी का फूटा गुस्सा! बाबर-अफरीदी को टीम से बाहर करने की तैयारी

T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के हाथों मिली शर्मनाक हार ने पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल ला दिया है। टीम के लचर प्रदर्शन से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी इतने नाराज हुए कि वह मैच खत्म होने का इंतजार किए बिना ही स्टेडियम से बाहर चले गए। उन्होंने टीम मैनेजमेंट को एक कड़ा संदेश भी भेजा है, जिससे संकेत मिलते हैं कि जल्द ही कुछ बड़े खिलाड़ियों पर गाज गिर सकती है।

भारत ने इस मुकाबले में पाकिस्तान को 61 रनों के बड़े अंतर से मात दी। पूरे मैच में पाकिस्तानी टीम कहीं भी मुकाबले में नजर नहीं आई। भारत की ओर से ईशान किशन ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की, जिसके सामने पाकिस्तानी बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई।

मैच खत्म होने से पहले ही स्टेडियम से निकले नकवी

न्यूज एजेंसी पीटीआई ने एक सूत्र के हवाले से बताया कि PCB चीफ मोहसिन नकवी कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में मैच देखने के लिए मौजूद थे, लेकिन वह टीम के प्रदर्शन से बुरी तरह निराश थे। सूत्र के अनुसार, “जब यह साफ हो गया कि पाकिस्तान अब यह मैच हारने वाला है, तो मोहसिन नकवी मैच खत्म होने से पहले ही स्टेडियम से चले गए। वह काफी गुस्से में थे।”

रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि नकवी ने पीसीबी के एक वरिष्ठ अधिकारी के जरिए टीम मैनेजर नावेद अकरम चीमा तक अपनी नाराजगी पहुंचाई। उन्होंने साफ कहा कि बड़े और महत्वपूर्ण मुकाबलों में टीम का इस तरह का खराब प्रदर्शन न तो समझने लायक है और न ही इसे स्वीकार किया जा सकता है। सिर्फ चेयरमैन ही नहीं, बल्कि टीम के हेड कोच माइक हेसन ने भी ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों को उनके खराब खेल के लिए फटकार लगाई और कहा कि वे अपनी पूरी क्षमता के साथ नहीं खेले।

क्या बाबर और शाहीन होंगे टीम से बाहर?

इस बड़ी हार के बाद टीम में बड़े बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं। सूत्र ने यह भी खुलासा किया, “मैनेजमेंट थिंक टैंक ने फैसला किया है कि अब बहुत हो चुका है। बाबर आजम और शाहीन शाह अफरीदी जैसे बड़े नामों को भी प्लेइंग 11 से बाहर किया जा सकता है और उनकी जगह सलमान मिर्जा, नसीम शाह या फखर जमान जैसे खिलाड़ियों को मौका दिया जाना चाहिए।”

पाकिस्तान का अगला मुकाबला बुधवार को नामीबिया से होना है, जो अब उसके लिए ‘करो या मरो’ का मुकाबला बन गया है। अगर पाकिस्तान यह मैच हार जाता है, तो वह ग्रुप स्टेज से ही टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews