विश्व विजेता भारतीय क्रिकेट टीम और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ये खास मुलाकात और दिलचस्प बातें, पढ़ें किसने क्या कहा

टी20 विश्व कप से लौटने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम से बातचीत करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि 'मेरे लिए ख़ुशी की बात है कि आपने देश को उत्साह और उत्सव से भर दिया है। देशवासियों की सारी आशा अपेक्षाओं को आपने जीत लिया है। मेरी तरफ़ से बहुत बहुत बधाई।' उन्होंने टीम के सभी सदस्यों से बात की और इस दौरान कुछ भावुक क्षण आए तो कुछ चुहल भरी बातें भी हुईं।
Team

PM Modi Meets India’s T20 World Champions : पीएम मोदी ने गुरुवार को अपने आवास पर टी20 विश्व कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने टीम से विस्तार से बात भी की। प्रधानमंत्री मोदी ने हर खिलाड़ी का नाम लेकर उनसे बात की, अनुभव पूछे और सबको बधाई दी। इस लंबी बातचीत के दौरान कई चुटीले क्षण भी आए और प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ कुछ चुहलभरी बातें भी की। अब टीम इंडिया के साथ उनकी बातचीत का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है और खूब पसंद किया जा रहा है।

पीएम मोदी ने दी बधाई, कोच द्रविड़ ने आभार जताया

टी20 विश्व कप से लौटने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम से बातचीत करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि ‘मेरे लिए ख़ुशी की बात है कि आपने देश को उत्साह और उत्सव से भर दिया है। देशवासियों की सारी आशा अपेक्षाओं को आपने जीत लिया है। मेरी तरफ़ से बहुत बहुत बधाई।’ इसके जवाब में भारतीय क्रिकेट टीम के कोच राहुल द्रविड़ ने कहा, ‘मैं आपको आपसे मिलने का मौका देने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूँ।आप नवंबर में अहमदाबाद में हमारे मैच के दौरान भी वहां आए थे, जब समय इतना अच्छा नहीं था। इसलिए हमें बहुत खुशी है कि हम आज इस खुशी के मौके पर भी आपसे मिल सके। मैं सिर्फ इतना कहना चाहूंगा कि रोहित और इन सभी लड़कों ने जो लड़ने का जज्बा दिखाया है, कभी न हारने वाला रवैया दिखाया है वो बहुत मायने रखता है। इसका श्रेय लड़कों को जाता है, उन्होंने इसके लिए बहुत मेहनत की है, यह बहुत खुशी की बात है कि इन लड़कों ने युवा पीढ़ी को प्रेरित किया है।’

कप्तान रोहित शर्मा ने कहा ‘सबकी मेहनत का फल है ये ट्रॉफी’

कप्तान रोहित शर्मा से मुख़ातिब होते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘मैंने दो चरम चीजें देखीं। मैं भावनाएं देख सकता हूँ..जब आप ट्रॉफी लेने जा रहे थे तो आपने जो डांस किया उसमें।’ इसके जवाब में रोहित शर्मा ने कहा कि टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि हम सभी ने इसके लिए बहुत इंतजार किया था, इसके लिए बहुत मेहनत की थी। कई बार हम विश्व कप जीतने के बहुत करीब पहुंचे, लेकिन हम आगे नहीं बढ़ सके, लेकिन इस बार सभी की वजह से हम ये हासिल कर पाए हैं।’ इस दौरान जब प्रधानमंत्री ने उनसे पूछा कि ट्रॉफ़ी लेने के लिए जाते समय डांस करने का आइडिया किसका था और रोहित शर्मा न कहा कि ‘हर किसी ने मुझसे कहा कि सादे तरीके से मंच पर मत जाओ’। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ”क्या यह चहल का विचार था तो रोहित ने जवाब दिया ‘चहल और कुलदीप दोनों का’। इसी दौरान प्रधानमंत्री ने चहल की चुटकी लेते हुए कहा कहा कि ‘चहल इतना गंभीर क्यों है’ और इसके साथ ही वहाँ हंसी की फुहारें छूट पड़ी।

विराट कोहली ने कहा ‘मैंने अपने अहंकार को पीछे छोड़ा’

पीएम मोदी से बातचीत के दौरान विराट कोहली ने कहा कि ‘हम सभी को यहां बुलाने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद और यह दिन हमेशा मेरे दिमाग में रहेगा क्योंकि इस पूरे टूर्नामेंट में मैं वह योगदान नहीं दे पाया जो मैं करना चाहता था। एक बार मैंने राहुल भाई से भी कहा था कि मैंने अभी तक खुद को और टीम दोनों को न्याय नहीं दिया है तो उन्होंने मुझसे कहा था कि जब स्थिति आएगी तो मुझे यकीन है कि आप फॉर्म में आ जाएंगे और यह बातचीत हमारे बीच हुई। मैंने रोहित से कहा, मुझे इतना विश्वास नहीं था कि मैं जिस तरह से बल्लेबाजी करना चाहता था, कर पाऊंगा, इसलिए जब हम खेलने गए, तो मुझे पहली 4 गेंदों में 3 चौके मिले। मैंने उनसे कहा, ये कैसा खेल है, एक दिन तो ऐसा लगता है कि एक भी रन नहीं बनेगा और फिर दूसरा दिन आता है और सब कुछ होने लगता है।’ इस दौरान उन्होंने बहुत अहम बात बोली। विराट ने कहा कि उनका अहंकार उनपर हावी हो गया था और वही छोड़ने की ज़रूरत थी। अहंकार पीछे रखना पड़ा, गेम को इज़्ज़त दी तो गेम ने उन्हें इज़्ज़त दी।

ऋषभ पंत की रिकवरी और वापसी पर बात

इसके बाद पीएम मोदी ने ऋषभ पंत से बात करते हुए एक्सीडेंट के बाद उनकी रिकवरी की यात्रा के बारे में बात की। उन्होंने याद दिलाया कि एक्सीडेंट के बाद उनकी बात ऋषभ की माताजी से हुई थी और जिस जिजीविषा से उन्होने बात की, उन्हें विश्वास था कि ऋषभ जल्द ठीक होकर वापसी करेंगे। ऋषभ पंत ने कहा कि कैसे उनके एक्सीडेंट के बाद पीएम मोदी ने उनकी मां को फोन किया और पूरी मदद का आश्वासन दिया और उनके फोन से उन्हें और पूरे परिवार को बेहद संबल मिला था।

बुमराह, सूर्यकुमार, कुलदीप और अर्शदीप ने भी अपने अनुभव साझा किए

प्रधानमंत्री मोदी के साथ बातचीत के दौरान जसप्रीत बुमराह ने कहा ‘जब भी मैं भारत के लिए गेंदबाजी करता हूं, वो बहुत ही महत्वपूर्ण चरण होते हैं। जब भी स्थिति कठिन होती है, तो मुझे उस स्थिति में गेंदबाजी करनी होती है। इसलिए जब मैं मदद करने में सक्षम होता हूं तो मुझे बहुत अच्छा लगता है। टीम और अगर मैं किसी भी कठिन परिस्थिति से मैच जीतने में सक्षम हूं, तो मुझे बहुत आत्मविश्वास मिलता है और मैं उस आत्मविश्वास को आगे भी बढ़ाता हूं और विशेष रूप से इस टूर्नामेंट में, ऐसी कई परिस्थितियां थीं जहां मुझे कठिन ओवर फेंकने पड़े मैं टीम की मदद करने और मैच जीतने में सक्षम था।’ सूर्यकुमार यादव ने बताया कि कैच लेना काफ़ी मुश्किल था लेकिन इसके लिए उन्होंने काफ़ी प्रैक्टिस की है। कुलदीप यादव और अर्शदीप सिंह ने भी अपने अनुभव साझा किए। प्रधानमंत्री मोदी ने टीम के सभी खिलाड़ियों से बात की..वो जो फ़ील्ड में नहीं थे उन्हें भी टीम का हौंसला बनाए रखने के लिए मुबारकबाद दी और आने वाले वक़्त के लिए सभी को शुभकामनाएँ भी दीं।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews