भारत के इन दो गेंदबाजों की आंधी में उड़ा इंग्लैंड, IND vs ENG पांचवे टेस्ट में भारत की जबरदस्त वापसी

भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे पांचवें और अंतिम मुकाबले में भारत ने शानदार वापसी की है। पहली पारी में 224 रन पर ऑल आउट हो जाने के बाद भारत ने इंग्लैंड के 222 रनों पर 7 विकेट गिरा दिए हैं। इंग्लैंड भारत से मात्र दो रन पीछे है।
भारत के इन दो गेंदबाजों की आंधी में उड़ा इंग्लैंड, IND vs ENG पांचवे टेस्ट में भारत की जबरदस्त वापसी

ओवल क्रिकेट ग्राउंड में भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का पांचवां और अंतिम मुकाबला खेला जा रहा है। यह मुकाबला दोनों ही टीमों के लिए बेहद जरूरी है। दरअसल, भारत अगर यह मुकाबला जीत जाता है तो वह इस सीरीज को ड्रॉ करवाने में सफल हो जाएगा, जबकि इंग्लैंड अगर यह मुकाबला जीतता है तो वह भारत से पांच टेस्ट मैचों की सीरीज जीत जाएगा। वहीं टॉस जीतकर इस मुकाबले में इंग्लैंड ने गेंदबाजी करने का निर्णय लिया था। भारत की पहली पारी को इंग्लैंड ने मात्र 224 रनों पर समेट दिया था।

भारत की पहली पारी में सबसे ज्यादा रन करुण नायर के बल्ले से निकले। करुण नायर ने 57 रनों की पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने अपनी पारी में कुल 8 चौके लगाए जबकि 109 गेंदों का सामना किया। नायर के अलावा साईं सुदर्शन ने 38 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।

ऐसा रहा इंग्लैंड के बल्लेबाजों का प्रदर्शन

वहीं इंग्लैंड की पहली पारी भी बुरी तरह डगमगाती हुई दिखाई दे रही है। दरअसल, इंग्लैंड ने मात्र 222 रनों के स्कोर पर अपने 7 विकेट गंवा दिए। इंग्लैंड की ओर से अब तक इस पारी में सबसे ज्यादा रन जैक क्रॉली के बल्ले से आए। जैक क्रॉली ने 57 गेंदों पर 64 रनों की आक्रामक पारी खेली। इस दौरान उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके लगाए। क्रॉली ने 112.28 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। इसके अलावा बेन डकेट ने 43 रनों की शानदार पारी खेली। इंग्लैंड को पहला झटका 92 के स्कोर पर लगा था। इससे पहले यह महसूस हो रहा था कि इंग्लैंड भारत से बहुत आगे निकल जाएगा, लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने जबर्दस्त गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड को भी नाजुक स्थिति में ला दिया।

भारत के इन गेंदबाजों ने किया कमाल

दरअसल, भारत की ओर से मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी की है। मोहम्मद सिराज ने तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके हैं। सिराज ने ओली पॉप को 22 रन के स्कोर पर आउट किया, जबकि जो रूट को 29 रन के स्कोर पर पवेलियन भेजा और जैकब बेथल को भी मात्र 6 रन के स्कोर पर एलबीडब्ल्यू कर दिया। वहीं प्रसिद्ध कृष्णा ने भी तीन विकेट चटकाए। प्रसिद्ध कृष्णा ने जैक क्रॉली, जेमी स्मिथ और जेमी ओवर्टन को आउट किया। इसके अलावा आकाशदीप ने भी एक विकेट झटका है। बता दें कि खबर लिखे जाने तक इंग्लैंड की टीम भारत से फिलहाल दो रन पीछे थी।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews