अब PSL में नजर आएंगी दो नई टीमें, हैदराबाद और सियालकोट पर खर्च किए गए कुल 360 करोड़ PKR

अब पाकिस्तान सुपर लीग में दो नई टीमें नजर आएंगी। पाकिस्तान की PSL में इन टीमों को हैदराबाद और सियालकोट का नाम दिया गया है। इन दोनों टीमों पर कुल 360 करोड़ पाकिस्तानी रुपये खर्च किए गए हैं।
अब PSL में नजर आएंगी दो नई टीमें, हैदराबाद और सियालकोट पर खर्च किए गए कुल 360 करोड़ PKR

पाकिस्तान सुपर लीग को अब दो और नई टीमें मिल चुकी हैं। इन टीमों में हैदराबाद और सियालकोट शामिल हैं। 8 जनवरी को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस्लामाबाद स्थित जिन्ना कन्वेंशन सेंटर में दो नई फ्रैंचाइजियों के लिए ऑक्शन आयोजित करवाया था, जिसमें इन दोनों टीमों पर 360 करोड़ पाकिस्तानी रुपये खर्च हुए। एक टीम को अमेरिका से संचालित एविएशन और स्वास्थ्य सेक्टर से जुड़ी कंपनी ने खरीदा है, जबकि दूसरी टीम को रियल एस्टेट फर्म ने खरीदा है।

एविएशन और स्वास्थ्य सेक्टर से जुड़ी कंपनी FKS ने हैदराबाद फ्रैंचाइजी को 175 करोड़ पाकिस्तानी रुपये यानी लगभग 6.2 मिलियन यूएस डॉलर में खरीदा है, जबकि रियल एस्टेट फर्म OZ डेवलपर्स ने सियालकोट फ्रैंचाइजी को 185 करोड़ पाकिस्तानी रुपये यानी लगभग 6.55 मिलियन यूएस डॉलर में खरीदा है।

इस नीलामी में 9 ग्रुप ने हिस्सा लिया था

जानकारी दे दें कि PSL की इन दोनों नई टीमों के ऑक्शन की शुरुआत 110 करोड़ पाकिस्तानी रुपये के बेस प्राइस से हुई थी। यह वह रकम है, जो प्रत्येक फ्रैंचाइजी सालाना PCB को देती है। इस नीलामी में 9 ग्रुप ने हिस्सा लिया था, हालांकि इससे पहले 12 ग्रुप ने दिलचस्पी जताई थी। ऑक्शन से पहले मुल्तान सुल्तान के मालिक रह चुके अली तरीन ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी थी कि वह नीलामी से अपना नाम वापस ले रहे हैं। OZ डेवलपर्स को I2C से कड़ी टक्कर मिली थी, हालांकि OZ डेवलपर्स ने 185 करोड़ रुपये की बोली लगाकर सियालकोट फ्रैंचाइजी को खरीद लिया।

6 नामों में से अपनी फ्रैंचाइजी का नाम चुनना था

वहीं इस ऑक्शन के दौरान दो सबसे सफल बोली लगाने वाले उम्मीदवारों को 6 नामों में से अपनी फ्रैंचाइजी का नाम चुनना था। इन नामों में रावलपिंडी, हैदराबाद, फैसलाबाद, गिलगिट, सियालकोट और मुजफ्फराबाद शामिल थे। इन दोनों सफल उम्मीदवारों ने हैदराबाद और सियालकोट का नाम चुना। आज का दिन न सिर्फ पाकिस्तान सुपर लीग के लिए बड़ा दिन था, बल्कि पाकिस्तान क्रिकेट के लिए भी अहम रहा। दरअसल इस नीलामी प्रक्रिया से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने बड़ा एलान किया। उन्होंने राइजिंग स्टार्स एशिया कप जीतने वाली टीम के लिए 9 करोड़ रुपये की प्राइज मनी का एलान किया और साथ ही हॉन्ग कॉन्ग सिक्स टूर्नामेंट जीतकर आई पाकिस्तान टीम के लिए भी 1.8 करोड़ रुपये की प्राइज मनी का एलान किया।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews