Hindi News

आज IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच टक्कर, यहां जानिए मुकाबले से जुड़ी पूरी जानकारी

Written by:Rishabh Namdev
Published:
राजस्थान रॉयल्स को प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए आज लखनऊ सुपर जायंट्स को हराना होगा, लेकिन टीम अपने होम ग्राउंड पर इस सीजन एक भी मैच नहीं जीत पाई है।
आज IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच टक्कर, यहां जानिए मुकाबले से जुड़ी पूरी जानकारी

अपने गढ़ में इस सीजन एक भी मैच न जीत पाने का दाग मिटाने और प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए आज राजस्थान रॉयल्स मैदान में उतरेगी। दरअसल सामने लखनऊ सुपर जायंट्स होगी, जो भले ही दौड़ से बाहर हो, लेकिन राजस्थान का खेल बिगाड़ने का होंसला रखती है। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से यह मुकाबला खेला जाएगा, जहां राजस्थान को हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। इस सीजन में राजस्थान अपने घरेलू मैदान पर एक भी मैच नहीं जीत सकी है, यह एक ऐसा तथ्य है जो टीम पर अतिरिक्त दबाव डालेगा।

दरअसल लखनऊ पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है, जिससे वह बिना किसी दबाव के मैदान में उतरेगी। यह स्थिति राजस्थान के लिए और भी चुनौतीपूर्ण हो सकती है, क्योंकि बिना दबाव वाली टीम अक्सर अप्रत्याशित प्रदर्शन करती है। अंक तालिका में राजस्थान 12 पॉइंट्स के साथ छठे स्थान पर है। टीम को अपना आखिरी लीग मैच 24 मई को मुंबई के खिलाफ खेलना है, लेकिन उससे पहले लखनऊ पर जीत निर्णायक साबित होगी।

हेड टू हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें

वहीं दोनों टीमें आठवीं बार आमने-सामने होंगी। अब तक हुए 7 मैचों में राजस्थान रॉयल्स ने 5 बार लखनऊ को पटखनी दी है, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स केवल 2 मैच ही जीत सकी है। पिछले सीजन के मुकाबले में लखनऊ ने जीत दर्ज की थी, लेकिन इस सीजन में दोनों टीमें दूसरी बार भिड़ेंगी। इकाना स्टेडियम में खेले गए पहले मैच में राजस्थान ने लखनऊ को हराया था, जिससे मनोवैज्ञानिक बढ़त राजस्थान के पास है।

वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी निगाहें

राजस्थान की बल्लेबाजी में ओपनिंग जोड़ी से बड़ी शुरुआत की उम्मीद है। इस सीजन में टीम ओपनिंग के लिए 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर काफी निर्भर रही है। वैभव ने कई मौकों पर टीम को तेज शुरुआत दिलाई है, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें यशस्वी जायसवाल का अपेक्षित साथ नहीं मिल सका है। विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने कुछ अच्छी पारियां खेली हैं, लेकिन दिल्ली के खिलाफ लगातार विकेट गिरने से वे खुलकर बल्लेबाजी नहीं कर सके थे। कप्तान रियान पराग टूर्नामेंट के पहले हाफ में कुछ खास नहीं कर पाए थे, लेकिन पिछले मैचों में उन्होंने लय पकड़ी है। हालांकि, वे हैमस्ट्रिंग की चोट से भी जूझ रहे हैं। कप्तान चाहेंगे कि टीम आखिरी 5 ओवरों में बल्लेबाजी में ज्यादा मैच्योरिटी दिखाए और बड़े शॉट्स खेलकर स्कोरबोर्ड को गति दे। वैभव सूर्यवंशी टीम के टॉप रन स्कोरर हैं, उन्होंने 12 मैचों में 234.78 की स्ट्राइक रेट से 486 रन बनाए हैं। वहीं, जोफ्रा आर्चर टीम के टॉप विकेट टेकर हैं, जिन्होंने 12 मैचों में 9.09 की इकोनॉमी से 17 विकेट झटके हैं।

प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी लखनऊ सुपर जायंट्स

उधर, प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी लखनऊ सुपर जायंट्स इस मैच में बिना दबाव के उतरेगी, जिससे वह राजस्थान का खेल बिगाड़ सकती है। टीम ने इससे पहले 15 मई को चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया था। हालांकि, इस सीजन में टीम की बल्लेबाजी कमजोर रही है, लेकिन चेन्नई के खिलाफ मिचेल मार्श ने 90 रन की धमाकेदार पारी खेलकर अपनी फॉर्म का संकेत दिया था। कप्तान ऋषभ पंत इस सीजन में अपने बैटिंग ऑर्डर को लेकर संघर्ष करते दिखे हैं और पिछले मैच में तो वे बल्लेबाजी करने भी नहीं आए थे। लखनऊ की ओर से मिचेल मार्श ने 12 मैचों में 467 रन बनाए हैं, जबकि प्रिंस यादव 12 मैचों में 16 विकेट लेकर टीम के टॉप विकेट टेकर हैं।

पिच रिपोर्ट पर डालें नजर

सवाई मानसिंह स्टेडियम की पिच पर नई गेंद से तेज गेंदबाजों को शुरुआत में मूवमेंट मिलती है। यहां बाउंस और तेज आउटफील्ड के कारण बैटर्स के लिए शॉट खेलना आसान रहता है। इस मैदान पर आईपीएल में पहली पारी का औसत स्कोर 166 रन रहा है, जबकि दूसरी पारी में औसत 150-160 रन के बीच है। यहां अब तक आईपीएल के 67 मैच खेले गए हैं, जिनमें 24 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम और 43 मैच बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जिससे टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला महत्वपूर्ण हो सकता है।

जयपुर में मौसम बेहद गर्म और धूप वाला रहेगा। अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री रहने का अनुमान है। दिनभर आसमान साफ रहेगा और हल्की हवाएं चलेंगी, जिससे गर्मी का अहसास ज्यादा होगा, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI इस प्रकार है:

राजस्थान- यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल, रियान पराग, डोनोवन फरेरा, रवि सिंह, शुभम दुबे, दसुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, बृजेश शर्मा और यश राज पूंजा। इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में शुभम दुबे मैदान में उतर सकते हैं।

लखनऊ- मिचेल मार्श, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, ऐडन मार्करम, ऋषभ पंत, मुकुल चौधरी, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, मोहम्मद शमी, मयंक यादव और प्रिंस यादव। इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में दिग्वेश सिंह राठी को मौका मिल सकता है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews