एक और ट्रॉफी उठाने से कितनी दूर हैं रजत पाटीदार? RCB के बाद अब इस टीम के लिए कप्तानी में रच देंगे इतिहास

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम के कप्तान रजत पाटीदार लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। पहले बल्लेबाजी से सभी को आकर्षित कर रहे हैं तो कप्तानी में भी पीछे नहीं हैं। बता दें कि आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को पहला खिताब जिताने वाले रजत पाटीदार अब दलीप ट्रॉफी में सेंट्रल जोन की टीम को भी ट्रॉफी दिला सकते हैं।
एक और ट्रॉफी उठाने से कितनी दूर हैं रजत पाटीदार? RCB के बाद अब इस टीम के लिए कप्तानी में रच देंगे इतिहास

मध्य प्रदेश के होनहार खिलाड़ी रजत पाटीदार अब एक और बड़ा कारनामा करने जा रहे हैं। दरअसल, रजत पाटीदार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को अपना पहला खिताब दिलाने के बाद अब दलीप ट्रॉफी में सेंट्रल जोन की टीम को भी एक और खिताब दिलाने की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। दलीप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में सेंट्रल जोन ने अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली है और मुकाबले को जीतने की नींव रख दी है।

जानकारी दें कि रजत पाटीदार सेंट्रल जोन की टीम की कप्तानी कर रहे हैं। पहले सेमीफाइनल में शानदार शतकीय पारी खेली थी तो वहीं अब फाइनल में भी शतकीय पारी खेली है और टीम को जीत दिलाने की लगभग तैयारी कर ली है। सेंट्रल जोन की टीम को जीत के लिए अब मात्र 8 विकेट की जरूरत है।

रजत पाटीदार ने खेली शतकीय पारी

दरअसल, फाइनल मुकाबले में सेंट्रल जोन की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय किया था। सेंट्रल जोन की टीम ने अपनी पहली पारी में 511 रनों का विशाल स्कोर बनाया। इसमें दानिश मलाबार ने 53 रन, कप्तान रजत पाटीदार ने 101 रन तो वहीं यश राठौड़ ने 194 रनों की जबरदस्त पारी खेली। रजत पाटीदार ने 115 गेंदों पर 101 रनों की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 12 चौके और दो शानदार छक्के जड़े। जबकि टीम के ही बल्लेबाज यश राठौड़ ने 286 गेंदों पर 194 रनों की जबरदस्त पारी खेली। अपनी पारी में 17 चौके और दो छक्के लगाए। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा सारांश जैन ने 69 रनों की पारी खेली और टीम को 511 के स्कोर तक पहुंचा दिया।

सारांश जैन का दोहरा प्रदर्शन

वहीं इस विशाल स्कोर का पीछा करने उतरी साउथ जोन की टीम मात्र 149 के स्कोर पर ढेर हो गई। टीम की ओर से तन्मय अग्रवाल ने सबसे ज्यादा 31 रन बनाए जबकि कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर टिक नहीं सका। सारांश जैन ने दोहरा प्रदर्शन किया, पहले बल्लेबाजी में कमाल किया और फिर गेंदबाजी में पांच अहम विकेट झटके। मध्य प्रदेश के कुमार कार्तिकेय ने भी चार अहम विकेट लिए, जिसके चलते साउथ जोन की टीम सस्ते में पवेलियन लौट गई और फॉलोऑन का सामना करना पड़ा।

एक और ट्रॉफी उठाएंगे रजत पाटीदार?

वहीं दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी साउथ जोन की टीम ने तीसरे दिन के अंत तक 129 रन के स्कोर पर अपने दो और विकेट गंवा दिए। टीम अभी भी 233 रनों से पीछे है। दिन के अंत तक स्मरण रविचंद्रन 37 और रिकी भुई 26 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। लेकिन अब यह लग रहा है कि सारांश जैन इन बल्लेबाजों को खूब परेशान करेंगे और लक्ष्य तक पहुंचने नहीं देंगे। ऐसे में रजत पाटीदार एक और बड़ा खिताब उठा सकते हैं। पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 2025 की आईपीएल ट्रॉफी दिलाई और अब दलीप ट्रॉफी में सेंट्रल जोन की टीम को खिताब दिलाएंगे।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews