
इस समय एशिया कप 2025 का बड़ा टूर्नामेंट खेला जा रहा है। भारत, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका, यूएई, ओमान और हांगकांग की टीमें शामिल हैं। इन टीमों के बीच शानदार मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच बड़ा मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में बांग्लादेश ने जीत हासिल करते हुए सुपर-4 में पहुंचने की उम्मीद कायम रखी। बांग्लादेश की जीत से अब अफगानिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच सुपर-4 में पहुंचने के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।
दरअसल, बांग्लादेश की टीम ने अफगानिस्तान को रोमांचक मुकाबले में आठ रनों से हरा दिया। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 154 रन बनाए थे। हालांकि, अफगानिस्तान की टीम 20 ओवरों में मात्र 146 रन ही बना पाई और मुकाबला आठ रनों से हार गई।
राशिद खान ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया
वहीं, इस मुकाबले में अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया। वह T20 एशिया कप के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन चुके हैं। उन्होंने भुवनेश्वर कुमार के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। जानकारी के लिए बता दें कि भुवनेश्वर कुमार ने T20 एशिया कप के इतिहास में 13 विकेट लिए थे, जबकि राशिद खान अब 14 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। बीते दिन राशिद खान ने चार ओवर में 26 रन देकर दो महत्वपूर्ण विकेट लिए थे। हालांकि, उनकी टीम यह मुकाबला जीत नहीं पाई, लेकिन राशिद खान ने यह रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया।
T20 एशिया कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
T20 एशिया कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची पर नजर डाली जाए तो इस समय राशिद खान 14 विकेट के साथ पहले स्थान पर मौजूद हैं। दूसरे स्थान पर 13 विकेट के साथ भुवनेश्वर कुमार हैं, जबकि तीसरे स्थान पर श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा 12 विकेट के साथ मौजूद हैं। चौथे पर अमजद जावेद 12 विकेट और पांचवें पर हार्दिक पंड्या 12 विकेट के साथ मौजूद हैं। राशिद खान ने पिछले कुछ समय में T20 क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। राशिद खान T20 क्रिकेट में 650 से ज्यादा विकेट लेने वाले दुनिया के इकलौते गेंदबाज हैं। वह 700 T20 विकेट के अद्भुत कारनामे से मात्र 30 विकेट दूर हैं और जिस प्रकार से वह प्रदर्शन कर रहे हैं, उस हिसाब से जल्द ही यह उपलब्धि हासिल कर सकते हैं।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

