
देश में एक मुद्दा खूब चर्चा में है और वह है भारत और पाकिस्तान का क्रिकेट मैच। दरअसल, एशिया कप 2025 का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। शेड्यूल के मुताबिक, 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच महा मुकाबला खेला जाएगा। हालांकि, इस मुकाबले को लेकर भारतीय फैंस बुरी तरह से निराश हैं। सोशल मीडिया पर इस मैच को लेकर विरोध जताया जा रहा है। दरअसल, लोगों का कहना है कि भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला नहीं होना चाहिए। पहलगाम में हुए हमले के बाद ऐसा होना गलत है। इसी कड़ी में कई तरह की खबरें वायरल हो रही हैं। हाल ही में रविचंद्रन अश्विन को लेकर भी एक खबर वायरल हुई थी।
दरअसल, इस वायरल खबर में दावा किया गया था कि रविचंद्रन अश्विन ने भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर विरोध जताया है और उन्होंने यह कहा है कि एशिया कप में होने वाले मुकाबले को रद्द न करने का कारण पैसा है। हालांकि, अब इस वायरल खबर को लेकर उन्होंने खुद बड़ी जानकारी दी है।
रविचंद्रन अश्विन ने इस खबर को फेक बताया
दरअसल, रविचंद्रन अश्विन ने इस खबर को पूरी तरह से फेक बताया है। उन्होंने कहा है कि जो लोग यह खबर फैला रहे हैं, वह शर्मनाक है। यह किसी भी तरह से सत्य नहीं है और यह मुझसे जुड़ी कोई भी जानकारी नहीं है। बता दें कि रविचंद्रन अश्विन ने फिलहाल भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले इस मुकाबले को लेकर कोई भी आधिकारिक बयान नहीं दिया है। सोशल मीडिया पर जो खबरें वायरल हो रही हैं, वह पूरी तरह से फेक हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि रविचंद्रन अश्विन ने कहा है कि वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में मुकाबला कैंसिल कर दिया गया, लेकिन एशिया कप में बड़ी मात्रा में पैसा लगा है, जिसके कारण बीसीसीआई ने इसे रद्द नहीं किया है। हालांकि, इस तरह का कोई बयान रविचंद्रन अश्विन द्वारा नहीं दिया गया है।
Don’t associate me with this fake news.
Shame on those who trigger all this https://t.co/9IlYcvYhwx
— Ashwin 🇮🇳 (@ashwinravi99) July 28, 2025
यूजर्स मांग रहे इस मुद्दे पर जवाब
रविचंद्रन अश्विन की इस स्पष्टता के बाद यूजर्स का कहना है कि अगर यह फेक न्यूज़ है, तो असल में रविचंद्रन अश्विन का इस मुद्दे को लेकर क्या विचार है? क्या वाकई भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होना चाहिए या नहीं? रविचंद्रन अश्विन को इस मामले पर कुछ कहना चाहिए। हालांकि फिलहाल, रविचंद्रन अश्विन द्वारा इस विषय में कुछ भी नहीं कहा गया है। बता दें कि वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला खेला जाना था, लेकिन इस मुकाबले से पहले ही भारतीय पूर्व खिलाड़ियों ने खेलने से मना कर दिया, जिसके चलते मुकाबला रद्द कर दिया गया। हालांकि, हाल ही में भारत और पाकिस्तान के एशिया कप में होने वाले मुकाबले को लेकर सौरव गांगुली ने कहा कि पहलगाम में हुआ आतंकी हमला दुखद था और ऐसा नहीं होना चाहिए, लेकिन इसे खेल से नहीं जोड़ा जाना चाहिए।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

