
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला जाएगा। इस मुकाबले में सभी की नज़रें ऋषभ पंत पर रहने वाली हैं। दरअसल, ऋषभ पंत इस मैच में इतिहास रच सकते हैं। इस मुकाबले में ऋषभ पंत रोहित शर्मा को पीछे छोड़कर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में नंबर वन भारतीय बल्लेबाज़ का स्थान हासिल कर सकते हैं। अब तक इस सीरीज में ऋषभ पंत बेहद शानदार नज़र आए हैं। हर मुकाबले में पंत के बल्ले से रन निकले हैं। पहले मुकाबले से ही ऋषभ पंत इंग्लैंड में अपना दावा ठोक चुके हैं।
बता दें कि अब तक भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के तीन मुकाबले खेले जा चुके हैं। इन तीन मुकाबलों में से दो इंग्लैंड की टीम ने जीते हैं जबकि एक मुकाबला भारत के नाम रहा। वहीं अब चौथे मुकाबले में भारत जीतकर सीरीज को बराबर करने की कोशिश करेगा।
कितने रन पीछे हैं ऋषभ पंत?
चौथे मुकाबले में ऋषभ पंत से बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी। ऋषभ पंत, रोहित शर्मा के स्कोर को तोड़ने से मात्र 40 रन दूर हैं। ऐसे में अगर वे चौथे टेस्ट मैच में 40 रन और बना लेते हैं, तो ऋषभ पंत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भारत के नंबर एक बल्लेबाज़ बन जाएंगे। दरअसल, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में अब तक ऋषभ पंत ने कुल 37 मुकाबले खेले हैं, जिनमें उन्होंने 43.7 की औसत से 2677 रन बनाए हैं। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में इस समय भारत के नंबर एक बल्लेबाज़ रोहित शर्मा हैं। हालांकि रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है, इसलिए अब वे अपना स्कोर आगे नहीं बढ़ा सकते। लेकिन ऋषभ पंत के पास मौका है कि वह टेस्ट में नया मुकाम हासिल करें।
जानिए भारत के कप्तान का स्कोर
भारत के बल्लेबाज़ों के नंबर के अनुसार, तीसरे नंबर पर विराट कोहली का नाम दर्ज है। विराट कोहली ने कुल 46 मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 35.36 की औसत से 2617 रन बनाए हैं। हालांकि विराट कोहली ने भी टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। वहीं, भारतीय कप्तान शुभमन गिल के स्कोर पर नज़र डालें तो उन्होंने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में अब तक 35 मुकाबले खेले हैं, जिनमें उन्होंने 41.66 की औसत से 2500 रन बनाए हैं। यानी वह रोहित शर्मा के स्कोर से 216 रन पीछे हैं। बता दें कि पिछले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के सर्कल में भारत फाइनल में पहुंचने में नाकाम रहा था। ऑस्ट्रेलिया से बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की सीरीज में मिली हार के बाद भारत का सपना टूट गया था। हालांकि इस नए सर्कल में भी भारतीय टीम की शुरुआत ज़्यादा अच्छी नहीं रही है। अब तक खेले गए तीन मुकाबलों में से भारत ने मात्र एक मुकाबला जीता है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

