Hindi News

राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2025 के मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 8 विकेट से हराया, विवादों से घिरा रहा मुकाबला

Written by:Rishabh Namdev
Published:
भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2025 के मुकाबले में पाकिस्तान ने जीत हासिल कर ली है। विवादों से घिरे इस मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 8 विकेट से हरा दिया है। भारत ने पाकिस्तान को 137 रनों का लक्ष्य दिया था जिसे पाकिस्तान की टीम ने मात्र 13.2 ओवर में हासिल कर लिया।
राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2025 के मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 8 विकेट से हराया, विवादों से घिरा रहा मुकाबला

राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 8 विकेट से हरा दिया है। दरअसल भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मात्र 136 रन बनाए थे वहीं 137 रन के लक्ष्य को पाकिस्तान की टीम ने मात्र 13.2 ओवरों में हासिल कर लिया। मुकाबले पर नजर डाली जाए तो पाकिस्तान की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय किया था। हालांकि भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की थी लेकिन भारत का मिडिल ऑर्डर और अंतिम बल्लेबाजी क्रम पूरी तरह से बिखर गया जिसके चलते भारतीय टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी।

भारत और पाकिस्तान के बीच इस टूर्नामेंट में पहली बार मुकाबला खेला गया था जिसे पाकिस्तान ने जीत लिया है। हालांकि अब भी दोनों टीमों के बीच फाइनल में टक्कर हो सकती है। दरअसल पाकिस्तान ने सेमीफाइनल की रेस में अपना स्थान मजबूत कर लिया है जबकि भारत को अब अगला मुकाबला किसी भी हालत में जीतना होगा।

विवादों से घिरा रहा मुकाबला

भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से आए। वैभव सूर्यवंशी ने 28 गेंद में 45 रनों की पारी खेली हालांकि वह अर्धशतक नहीं लगा सके। वैभव का विकेट विवादों से घिरा हुआ रहा जबकि आशुतोष शर्मा का विकेट भी इस मुकाबले में विवाद में रहा। दरअसल आशुतोष शर्मा को एलबीडब्ल्यू आउट करार दिया गया था। भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए इस मुकाबले में कई ऐसी बातें देखने को मिलीं कई बार दोनों टीमों के खिलाड़ी आमने-सामने आए। हालांकि सबसे ज्यादा सवाल अंपायरिंग पर उठे हैं। लंबे समय तक मैदान पर मैच संबंधी विवाद देखने को मिला।

मैदान पर हुई बहस

दरअसल पाकिस्तान की ओर से माज सदाकत ने सबसे ज्यादा रन बनाए। सदाकत के बल्ले से नाबाद 79 रनों की पारी निकली। सदाकत ने 47 गेंद में 7 चौके और 4 छक्कों की मदद से 79 रन बना दिए। हालांकि मुकाबले के दौरान एक समय ऐसा भी आया जब माज सदाकत का कैच बाउंड्री रेखा पर पकड़ लिया गया था लेकिन अंपायर ने उन्हें नॉट आउट कर दिया, जिसके बाद भारतीय टीम के खिलाड़ी अंपायर से लंबे समय तक बहस करते हुए नजर आए। इस दौरान भारतीय टीम का स्टाफ भी बाउंड्री रेखा से चौथे अंपायर से बातचीत करता हुआ दिखाई दिया लेकिन अंत में उन्हें नॉट आउट ही करार दिया गया। पाकिस्तान ने इस मुकाबले को मात्र 13.2 ओवर में जीत लिया। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद फेक ने 14 गेंदों में 16 रनों की पारी खेली।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews