वनडे क्रिकेट से संन्यास नहीं लेंगे रोहित शर्मा, BCCI ने खारिज की संन्यास की अटकलें, अफवाहों पर लगाया विराम

रोहित शर्मा के वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने की खबरों को लेकर पिछले कुछ दिनों से लगातार चर्चाएं चल रही थीं कि इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेला जाने वाला तीसरा वनडे उनका आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला होगा। हालांकि वहीं अब BCCI ने आधिकारिक तौर पर इन दावों को खारिज कर दिया है।
वनडे क्रिकेट से संन्यास नहीं लेंगे रोहित शर्मा, BCCI ने खारिज की संन्यास की अटकलें, अफवाहों पर लगाया विराम

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने रोहित शर्मा के वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने की खबरों पर पूरी तरह विराम लगा दिया है। दरअसल बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने स्पष्ट कहा है कि इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में होने वाला तीसरा वनडे रोहित शर्मा का आखिरी इंटरनेशनल मैच नहीं है। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया और कई मीडिया रिपोर्ट्स में चल रही अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।

दरअसल हाल के दिनों में कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि BCCI 2027 वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए नई टीम तैयार कर रहा है और रोहित शर्मा उस योजना का हिस्सा नहीं हैं। इसी वजह से यह चर्चा तेज हो गई थी कि लॉर्ड्स वनडे के बाद वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं। हालांकि BCCI ने साफ किया कि इस तरह की कोई आधिकारिक चर्चा नहीं हुई है और रोहित शर्मा भविष्य में भी भारतीय टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे।

रोहित शर्मा संन्यास की खबरें क्यों फैलीं?

बता दें कि रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर चर्चा अचानक नहीं शुरू हुई। इसके पीछे कई वजहें सामने आईं है। सबसे पहले इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती दो वनडे में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने दोनों मुकाबलों में 11 और 26 रन बनाए, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनके भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे। इसके साथ ही कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि चयनकर्ता अब युवा खिलाड़ियों को ज्यादा अवसर देना चाहते हैं और 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी नई टीम के साथ शुरू की जाएगी।

ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई: देवजीत सैकिया

हालांकि इन सभी चर्चाओं के बीच BCCI की ओर से किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी। वहीं अब बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया के बयान के बाद स्थिति पूरी तरह साफ हो गई है कि रोहित फिलहाल वनडे क्रिकेट छोड़ने की तैयारी में नहीं हैं। दरअसल देवजीत सैकिया ने PTI से कहा कि ‘रोहित के भविष्य को लेकर मीडिया में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। मैं साफ तौर पर कहना चाहता हूं कि ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है कि रोहित रविवार को लॉर्ड्स में अपना आखिरी मैच खेलेंगे।’ बता दें कि इस दौरान उन्होंने साफ किया कि रोहित आगे भी भारत के लिए खेलना जारी रखेंगे।

कैसा रहा रोहित शर्मा का रिकॉर्ड?

रोहित शर्मा का अनुभव और कप्तानी भारतीय क्रिकेट के लिए अब भी अहम माना जाता है। उन्होंने अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को लगातार बड़े टूर्नामेंटों में मजबूत प्रदर्शन कराया है। उनकी अगुआई में भारत 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंचा। इसके बाद टीम ने 2024 टी-20 वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की। इसके अलावा एशिया कप जैसे बड़े टूर्नामेंटों में भी भारत को सफलता मिली। बतौर कप्तान रोहित शर्मा ने तीनों फॉर्मेट मिलाकर 142 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारत की कमान संभाली, जिनमें 103 मैचों में टीम को जीत मिली।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews