
एशिया कप 2025 में 28 सितंबर यानी आज भारत और पाकिस्तान की टीमें फाइनल मुकाबले में आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के बीच ऐसे टूर्नामेंट में पहले भी मुकाबले खेले जा चुके हैं। दोनों ही मुकाबलों में भारतीय टीम ने जीत हासिल की थी। लेकिन इसके बाद बड़ा विवाद देखने को मिला। भारतीय खिलाड़ियों की ओर से पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया गया और इसके चलते पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने नाराजगी जाहिर की थी। लेकिन अब दोनों टीमें फाइनल में आमने-सामने होने वाली हैं और इस मुकाबले से पहले पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने कड़े तेवर दिखाए हैं।
दरअसल, फाइनल मुकाबले से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने हैंडशेक विवाद पर खुलकर बात की और कहा कि उनकी टीम को जवाब देने की पूरी छूट दी गई है। चलिए जानते हैं कि फाइनल मुकाबले से पहले पाकिस्तान के कप्तान ने क्या कहा है।
पिछले मैचों में गलतियां की: कप्तान सलमान अली आगा
दरअसल, पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने फाइनल मुकाबले से पहले ही स्वीकार किया है कि उनकी टीम ने पिछले मैचों में गलतियां की हैं, जिसका खामियाजा हार के रूप में भुगतना पड़ा है। पाकिस्तान के कप्तान का कहना है कि यह फाइनल मैच है और इस बड़े मुकाबले में दोनों टीमों पर बराबर दबाव होगा। हमें भारतीय मीडिया या बाहरी शोर से कोई फर्क नहीं पड़ता। हमें सिर्फ अपनी गलतियों को सुधारना है। इसके अलावा सलमान अली आगा ने यह भी माना है कि उनका स्ट्राइक रेट पिछले कुछ मुकाबलों में उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। सलमान अली आगा ने कहा कि हर बार डेढ़ सौ के स्ट्राइक रेट से खेलना जरूरी नहीं होता, कभी-कभी हालात के हिसाब से खेलना सबसे अहम होता है। हां, मुझे बेहतर प्रदर्शन करना होगा ताकि टीम को फायदा मिले।
इतिहास में पहली बार होगा ऐसा
दरअसल, आज भारत और पाकिस्तान एशिया कप 2025 में आमने-सामने होंगे। पहली बार इतिहास में दोनों टीमें फाइनल मुकाबले में आमने-सामने होने वाली हैं। भारत 14 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ जीत हासिल कर चुका है और 21 सितंबर को भी भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया था। दोनों ही मुकाबलों में पाकिस्तान का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। ऐसे में पाकिस्तान की टीम पहले से दबाव में है, लेकिन पाकिस्तानी कप्तान अपनी टीम को आत्मविश्वास में रखने की कोशिश कर रहे हैं। पाकिस्तान का कहना है कि दबाव सिर्फ पाकिस्तान पर नहीं, बल्कि भारत पर भी है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

