संजू सैमसन ने तोड़ा एमएस धोनी और ऋषभ पंत का रिकॉर्ड, श्रीलंका के खिलाफ खेली आतिशी पारी

संजू सैमसन ने सुपर-4 के आखिरी मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी की है। श्रीलंका के खिलाफ सैमसन के बल्ले से महत्वपूर्ण 39 रनों की पारी आई। सैमसन ने इस पारी के दौरान तीन शानदार छक्के लगाए और महेंद्र सिंह धोनी और ऋषभ पंत का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
संजू सैमसन ने तोड़ा एमएस धोनी और ऋषभ पंत का रिकॉर्ड, श्रीलंका के खिलाफ खेली आतिशी पारी

इस समय एशिया कप 2025 का बड़ा टूर्नामेंट खेला जा रहा है। हालांकि अब यह टूर्नामेंट अंतिम मुकाबले की ओर बढ़ चुका है। बता दें कि इस भव्य टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को भारत और पाकिस्तान की टीम के बीच होगा। एशिया कप के शुरू होने से पहले टीम चयन को लेकर बड़ी चर्चाएं चली थीं। दरअसल, एशिया कप से पहले भारतीय टीम ने इंग्लैंड का दौरा किया था। इस दौरे पर ऋषभ पंत चोटिल हो गए थे। इसके बाद भारतीय टीम के सामने सबसे बड़ी परेशानी एक विकेटकीपर बल्लेबाज को लेकर खड़ी हो गई थी।

हालांकि इस परेशानी को टीम इंडिया के सिलेक्टर्स ने खत्म कर दिया। दरअसल, भारतीय टीम के स्क्वाड में दो विकेटकीपर बल्लेबाजों को मौका दिया गया है। एशिया कप 2025 के स्क्वाड में संजू सैमसन और जितेश शर्मा दो विकेटकीपर बल्लेबाज नजर आ रहे हैं। हालांकि जितेश ने अब तक कोई भी मुकाबला नहीं खेला है, लेकिन संजू सैमसन को लगातार मौका दिया जा रहा है।

श्रीलंका के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी

शुरुआती कुछ मुकाबलों में संजू सैमसन का बल्ला विफल रहा। सैमसन के बल्ले से ज्यादा रन नहीं निकले, जिसके चलते उन्हें बैटिंग ऑर्डर में नीचे धकेल दिया गया। लेकिन अब संजू सैमसन फॉर्म में लौट चुके हैं। दरअसल, एशिया कप के सुपर-4 के आखिरी मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ खेलते हुए संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने मात्र 23 गेंदों में 39 रन की पारी खेली। सैमसन के बल्ले से इस दौरान एक चौका और तीन शानदार छक्के निकले। इसी के साथ संजू सैमसन ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम दर्ज कर लिया।

एमएस धोनी और ऋषभ पंत के रिकॉर्ड तोड़ा

बता दें कि अब संजू सैमसन ने महेंद्र सिंह धोनी और ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ियों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। श्रीलंका के खिलाफ तीन छक्के लगाने के बाद संजू सैमसन भारत के तीसरे ऐसे विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं जिन्होंने एक टी-20 टूर्नामेंट में छह छक्के लगाए हैं। बता दें कि इससे पहले खेले गए मुकाबले में सैमसन के बल्ले से तीन छक्के लग चुके थे। वहीं श्रीलंका की टीम के खिलाफ सैमसन ने तीन और छक्के लगाकर महेंद्र सिंह धोनी और ऋषभ पंत का रिकॉर्ड तोड़ दिया। महेंद्र सिंह धोनी ने टी-20 वर्ल्ड कप 2009 में ऐसा कारनामा किया था, जबकि ऋषभ पंत ने टी-20 वर्ल्ड कप 2024 में छह छक्के लगाए थे। हालांकि टी-20 एशिया कप में 5 से ज्यादा छक्के लगाने वाले संजू सैमसन इकलौते भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews