ICC रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा, शुभमन गिल बने दुनिया के नंबर-2 वनडे बल्लेबाज, 36 साल बाद इस टीम के खिलाड़ी ने रचा इतिहास

ICC ODI रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला है। दरअसल अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद शुभमन गिल दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि ईशान किशन ने 21 पायदान की लंबी छलांग लगाई है।
ICC रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा, शुभमन गिल बने दुनिया के नंबर-2 वनडे बल्लेबाज, 36 साल बाद इस टीम के खिलाड़ी ने रचा इतिहास

ICC की ताजा साप्ताहिक रैंकिंग में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों को बड़ा फायदा मिला है। दरअसल अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले कप्तान शुभमन गिल अब दुनिया के दूसरे नंबर के वनडे बल्लेबाज बन गए हैं। शुभमन गिल ने सीरीज में सबसे ज्यादा 238 रन बनाए थे, जिसका सीधा असर उनकी रैंकिंग पर देखने को मिला। वह पांचवें स्थान से सीधे दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं और अब शीर्ष स्थान पर मौजूद न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल से सिर्फ 24 रेटिंग अंक पीछे हैं।

दरअसल भारत के लिए एक और अच्छी खबर ईशान किशन के रूप में आई है। सीरीज में शानदार बल्लेबाजी करने वाले ईशान ने 21 स्थान की लंबी छलांग लगाई है। इसके अलावा भारतीय गेंदबाजों की रैंकिंग में भी सुधार देखने को मिला है। अफगानिस्तान सीरीज के प्रदर्शन का फायदा कई खिलाड़ियों को मिला है, जिससे टीम इंडिया का दबदबा आईसीसी रैंकिंग में और मजबूत हुआ है।

शुभमन गिल और ईशान किशन को फायदा

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज भारतीय बल्लेबाजों के लिए यादगार साबित हुई। शुभमन गिल ने कप्तानी के साथ-साथ बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन किया। उनकी लगातार बड़ी पारियों ने उन्हें वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में दूसरे स्थान तक पहुंचा दिया। वहीं ईशान किशन ने भी अपने प्रदर्शन से फैंस को खुश कर दिया। वह अब 43वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

विराट कोहली को हुआ नुकसान

हालांकि वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में विराट कोहली को एक स्थान का नुकसान हुआ है। चोट के कारण वह सीरीज का हिस्सा नहीं थे, जिसके चलते वह दूसरे से तीसरे नंबर पर खिसक गए। रोहित शर्मा चौथे स्थान पर बने हुए हैं। उन्होंने सीरीज में 143 रन बनाए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। गेंदबाजी रैंकिंग में अर्शदीप सिंह 16 स्थान ऊपर चढ़कर 22वें नंबर पर पहुंच गए हैं। प्रसिद्ध कृष्णा ने 34 स्थान की बढ़त दर्ज की है, जबकि वॉशिंगटन सुंदर को भी 17 पायदान का फायदा मिला है।

मैट हेनरी ने रचा इतिहास

टेस्ट क्रिकेट की रैंकिंग में इस बार सबसे बड़ा बदलाव गेंदबाजों की सूची में देखने को मिला। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने इंग्लैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद बड़ा मुकाम हासिल किया है। उन्होंने भारत के जसप्रीत बुमराह के साथ संयुक्त रूप से नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज का स्थान हासिल कर लिया है। हेनरी की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि 36 साल बाद न्यूजीलैंड का कोई गेंदबाज टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष स्थान तक पहुंचा है। इससे पहले 1990 में रिचर्ड हैडली इस स्थान पर पहुंचे थे।

टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में भी बदलाव हुआ है। इंग्लैंड के जो रूट दो स्थान ऊपर चढ़कर फिर से नंबर-1 बल्लेबाज बन गए हैं। दूसरे स्थान पर हैरी ब्रूक और तीसरे पर ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड मौजूद हैं। गेंदबाजों की सूची में बुमराह और हेनरी संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क तीसरे नंबर पर बने हुए हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews