शुभमन गिल ने रचा इतिहास, 59 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा, एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान बने

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने एक बड़ा कारनामा अपने नाम कर लिया है। गिल ने 59 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अब शुभमन गिल बतौर भारतीय कप्तान एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं।
शुभमन गिल ने रचा इतिहास, 59 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा, एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान बने

भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां और अंतिम टेस्ट मैच लंदन के ओवल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने इतिहास रच दिया है। अब शुभमन गिल एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान बन चुके हैं। खबर लिखे जाने तक शुभमन गिल 15 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। इस मुकाबले में शुभमन गिल के पास कई बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त करने का मौका रहेगा। बता दें कि गिल सर डॉन ब्रैडमैन का रिकॉर्ड भी इस दौरान तोड़ सकते हैं।

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज के कुल चार मुकाबले खेले जा चुके हैं। सीरीज में इंग्लैंड की टीम 2-1 से आगे चल रही है। पांचवां मुकाबला दोनों ही टीमों के बीच निर्णायक मुकाबला होने वाला है। भारत की नज़र सीरीज ड्रॉ करने पर होगी, जबकि इंग्लैंड की नज़र सीरीज जीतने पर रहेगी।

बारिश ने खेल को रोका

वहीं, ओवल क्रिकेट स्टेडियम पर खेले जा रहे इस पांचवें मुकाबले पर नजर डाली जाए तो इंग्लैंड ने पहले टॉस जीतकर गेंदबाज़ी करने का निर्णय किया है। हालांकि खेल को शुरू हुए ज्यादा समय नहीं हुआ था और बारिश ने दखल दे दी। 23 ओवर के खेल तक भारत 72 रन बना चुका था और अपने दो महत्वपूर्ण विकेट गंवा चुका था। हालांकि, खेल को बारिश के चलते रोक दिया गया। खेल शाम 7:30 बजे फिर शुरू हो सकता है। यशस्वी जयसवाल मात्र दो रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि केएल राहुल भी 14 रन के स्कोर पर आउट हो गए। इस समय क्रीज पर साईं सुदर्शन 25 रन बनाकर, जबकि शुभमन गिल 15 रन बनाकर बल्लेबाज़ी कर रहे हैं। भारत की पहली पारी में बड़े स्कोर की उम्मीद जताई जा रही है।

भारतीय टीम में चार बड़े बदलाव

वहीं, इस मैच की टीम पर नजर डाली जाए तो भारत ने एक बार फिर बड़े बदलाव किए हैं। भारतीय टीम में चार बदलाव देखने को मिल रहे हैं। करुण नायर को एक बार फिर मौका दिया गया है। टीम में ऋषभ पंत की जगह ध्रुव चुड़ैल खेलते हुए दिखाई देंगे, जबकि गेंदबाज़ी में आकाशदीप और प्रसिद्ध कृष्णा को भी मौका मिला है। बता दें कि जसप्रीत बुमराह, शार्दुल ठाकुर और अंशुल कंबोज को टीम से बाहर किया गया है। वहीं, इंग्लैंड की टीम में भी चार बदलाव देखने को मिल रहे हैं। टीम में जैकब बेथेल, गस एटकिंसन, जैमी ओवर्टन और जोश टंग को मौका मिला है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews