भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल का बल्ला आग उगल रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ जिस तरह उन्होंने बल्लेबाजी की थी, उसी तरह वेस्टइंडीज के खिलाफ भी गिल शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में शुभमन गिल ने नाबाद 129 रनों की पारी खेलकर कई रिकॉर्ड तोड़ डाले। शुभमन गिल ने अपने टेस्ट करियर का दसवां शतक भी पूरा कर लिया है। कप्तान शुभमन गिल की पिछली पांच टेस्ट पारियों पर नजर डाली जाए तो इनमें पांच शतक बल्ले से निकल चुके हैं। शुभमन गिल के शानदार शतक के चलते वेस्टइंडीज की टीम परेशानियों में फंस गई है।
दरअसल, भारत ने अपनी पारी 518 रनों पर घोषित कर दी है। पहले टेस्ट मैच की तरह ही भारत दूसरे मुकाबले में भी बेहद मजबूत स्थिति में पहुंच चुका है। वेस्टइंडीज को जल्दी ऑलआउट कर भारत इस मुकाबले में भी जल्द से जल्द जीत दर्ज करने की कोशिश करेगा। भारत की इस पारी में यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल का अहम रोल रहा। शुभमन गिल ने बल्ले से 129 रनों की पारी खेलकर पांच बड़े रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिए हैं।
WTC में सबसे ज्यादा रन
शुभमन गिल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। अब तक गिल ने 2826 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल ने ऋषभ पंत को पीछे छोड़ दिया है। ऋषभ पंत ने अब तक वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 2731 रन बनाए थे, जबकि रोहित शर्मा ने 2716 रन और विराट कोहली ने 2617 रन बनाए थे।
WTC में सबसे ज्यादा शतक
इसके अलावा भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने पाकिस्तान के बाबर आजम और रोहित शर्मा को भी पीछे छोड़ दिया है। बता दें कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में बतौर कप्तान शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा शतक बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर जगह बना ली है। शुभमन गिल के बल्ले से अब तक बतौर कप्तान पांच शतक निकल चुके हैं, जबकि रोहित शर्मा और बाबर आजम के नाम चार-चार शतक दर्ज हैं। वहीं, सबसे ज्यादा शतक बतौर कप्तान जड़ने का रिकॉर्ड जो रूट के नाम है, जिन्होंने आठ शतक लगाए हैं।
एक साल में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा शतक
बता दें कि भारतीय कप्तान शुभमन गिल एक साल में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। शुभमन गिल ने इसी साल कप्तान बनने के बाद अब तक पांच शतक जड़े हैं। इस मामले में शुभमन गिल ने विराट कोहली की बराबरी कर ली है। बता दें कि विराट कोहली ने साल 2017 और 2018 में शानदार प्रदर्शन करते हुए बतौर कप्तान पांच-पांच शतक जड़े थे, जबकि सचिन तेंदुलकर के नाम चार शतक दर्ज हैं।
अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ा
इसके अलावा भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने घरेलू टेस्ट में अपना अब तक का व्यक्तिगत सर्वोच्च स्कोर बनाया है। गिल ने भारतीय सरज़मीं पर अपने 128 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए अब वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 129 रनों की पारी खेलकर यह रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया है।
एक साल में पांच टेस्ट सेंचुरी लगाई
पांचवां रिकॉर्ड शुभमन गिल ने विराट कोहली का तोड़ा है। बता दें कि शुभमन गिल एक साल में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में सुनील गावस्कर और विराट कोहली की बराबरी पर पहुंच चुके हैं। दोनों ही खिलाड़ियों ने एक साल में पांच टेस्ट सेंचुरी लगाई थीं, वहीं अब शुभमन गिल ने भी एक साल में पांच सेंचुरी लगा दी है। हालांकि एक साल में सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है। सचिन तेंदुलकर ने 2010 में सात शतक लगाए थे।





