अब तक IPL 2025 की इन टीमों ने किया अपने कप्तानों का ऐलान, यहां जानिए सभी टीमों के कप्तान

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने रजत पाटीदार को अपना कप्तान बनाया है। अब तक IPL 2025 के लिए 8 टीमों ने अपने कप्तानों का ऐलान कर दिया है। बता दें कि कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स की ओर से अभी तक अपने कप्तानों का ऐलान नहीं किया गया है।
अब तक IPL की इन टीमों ने किया अपने कप्तानों का ऐलान, यहां जानिए सभी टीमों के कप्तान

IPL 2025 का आगाज 21 मार्च से होगा। IPL के 18वें सीजन को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता देखी जा रही है। हर जगह IPL की चर्चा हो रही है। भारत में IPL को किसी त्योहार से कम नहीं माना जाता। इसमें विराट कोहली, रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या जैसे बड़े खिलाड़ी खेलते हुए नजर आते हैं। यही वजह है कि IPL दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग में शुमार है।

IPL 2025 में कुल 10 टीमें खेलेंगी, जिनमें से 8 टीमों ने अपने कप्तानों की घोषणा कर दी है। हाल ही में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने रजत पाटीदार को अपना नया कप्तान बनाया। बैंगलोर की टीम ने युवा खिलाड़ी पर भरोसा जताया है।

लखनऊ, हैदराबाद और मुंबई के कप्तान

IPL 2025 के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स ने भी अपने कप्तान का ऐलान कर दिया है। लखनऊ सुपर जायंट्स ने ऋषभ पंत को अपना कप्तान बनाया है। बता दें कि ऋषभ पंत को मेगा ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 करोड़ रुपए में खरीदा, जिससे वह IPL के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। अब वह लखनऊ की कप्तानी करते नजर आएंगे।

वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने पैट कमिंस पर दोबारा भरोसा जताया है। पैट कमिंस को पिछले सीजन में भी कप्तानी सौंपी गई थी और उन्होंने शानदार कप्तानी करते हुए हैदराबाद को फाइनल तक पहुंचाया था। ऐसे में इस बार भी टीम ने पैट कमिंस को ही कप्तान बनाए रखा है।

इसके अलावा, मुंबई इंडियंस की टीम ने हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाए रखने का फैसला लिया है। खबरें आ रही थीं कि रोहित शर्मा को एक बार फिर कप्तानी सौंपी जा सकती है, लेकिन टीम ने ऐसा नहीं किया और हार्दिक पांड्या पर ही भरोसा बनाए रखा। हार्दिक पांड्या पहले गुजरात टाइटंस के कप्तान थे, लेकिन पिछले सीजन में मुंबई इंडियंस ने उन्हें अपनी टीम में शामिल कर कप्तान बनाया।

गुजरात, पंजाब, राजस्थान और चेन्नई के कप्तान

IPL की सबसे सफल टीमों में से एक चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने पिछले कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को ही IPL 2025 में यह जिम्मेदारी सौंपी है। ऋतुराज गायकवाड़ ने पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन किया था, इसलिए एक बार फिर CSK को उनसे उम्मीदें होंगी। राजस्थान रॉयल्स की टीम ने संजू सैमसन पर लंबे समय से भरोसा जताया है, और इस बार भी राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ही रहेंगे।

गुजरात टाइटंस के कप्तान के रूप में शुभमन गिल नजर आएंगे। हार्दिक पांड्या के बाद टीम ने शुभमन गिल को कप्तान नियुक्त किया था, और अब एक बार फिर गिल ही टीम के कप्तान होंगे।

इसके अलावा, पंजाब किंग्स ने श्रेयस अय्यर को अपना नया कप्तान चुना है। श्रेयस अय्यर पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान थे और उन्होंने पिछले सीजन कोलकाता को ट्रॉफी जिताई थी। लेकिन अब पंजाब किंग्स ने उन्हें अपनी टीम का कप्तान बना लिया है।

कोलकाता और दिल्ली के कप्तान का ऐलान होना बाकी

बता दें कि अब तक कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स ने अपने कप्तानों का ऐलान नहीं किया है। कोलकाता नाइट राइडर्स ने श्रेयस अय्यर को रिलीज कर दिया, जो पिछले सीजन टीम के कप्तान थे और कोलकाता को ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। लेकिन केकेआर ने चौंकाने वाला फैसला लेते हुए श्रेयस अय्यर को रिटेन नहीं किया।

कोलकाता की टीम वेंकटेश अय्यर पर भरोसा जता सकती है और उन्हें अपना नया कप्तान बना सकती है। कोलकाता ने वेंकटेश अय्यर को 23.75 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया है।

वहीं, दिल्ली कैपिटल्स ने भी अभी तक अपने कप्तान की घोषणा नहीं की है। दिल्ली कैपिटल्स ने केएल राहुल को बड़ी रकम में खरीदा है, ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि केएल राहुल और अक्षर पटेल में से किसी एक को कप्तान बनाया जा सकता है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews