
एक बार फिर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष बन सकते हैं। दरअसल, बिना किसी प्रतिद्वंद्विता के वह दूसरी बार इस पद को हासिल कर सकते हैं। जानकारी दे दें कि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 14 सितंबर है, लेकिन अब तक किसी ने भी उनके खिलाफ पर्चा दाखिल नहीं किया है। 14 सितंबर को सौरव गांगुली अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। अगर कोई और कल नामांकन दाखिल नहीं करता है तो एक बार फिर सौरव गांगुली के पास ही यह पद पहुंच जाएगा।
बता दें कि कैब की वार्षिक आम सभा 29 सितंबर को होनी है और इसी दिन चुनाव भी होना है। लेकिन अगर कोई भी 14 सितंबर तक अपना नामांकन दाखिल नहीं करता है तो बिना चुनाव के ही निर्विरोध सौरव गांगुली को अध्यक्ष बनाया जा सकता है।
मौजूदा समय में कौन है अध्यक्ष?
सूत्रों के मानें तो 14 सितंबर को भी अन्य किसी के नामांकन दाखिल करने की संभावना न के बराबर है, जबकि सौरव गांगुली पहले ही यह घोषणा कर चुके हैं कि वह अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगे। रविवार 14 सितंबर को वह अपने फैसले के तहत अपने पैनल के साथ नामांकन जमा करेंगे। जानकारी दे दें कि इससे पहले सौरव गांगुली 2015 से 2019 तक कैब के अध्यक्ष रह चुके हैं। हालांकि मौजूदा समय में सौरव गांगुली के बड़े भाई स्नेहाशीष गांगुली कोलकाता क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हैं।
कैसा रहा है सौरव गांगुली का करियर?
दादा के नाम से फेमस सौरव गांगुली ने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए लंबे समय तक क्रिकेट खेला। उन्होंने लंबे समय तक भारतीय टीम की कप्तानी भी की है। सौरव गांगुली ने भारत के लिए 113 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनकी 188 पारियों में 7212 रन बनाए। उन्होंने 16 शतक और 35 अर्धशतक लगाए। वहीं, सौरव ने 311 वनडे मुकाबले खेले हैं, जिनकी 300 पारियों में उन्होंने 11363 रन बनाए हैं। सौरव गांगुली ने 22 शतक और 72 अर्धशतक लगाए हैं। वहीं, सौरव गांगुली ने आईपीएल में 59 मुकाबले भी खेले, जिनकी 56 पारियों में उन्होंने 1349 रन बनाए। हालांकि इस दौरान उनके बल्ले से कोई शतक नहीं निकला, लेकिन उन्होंने सात अर्धशतक लगाए। सौरव गांगुली ने गेंदबाजी से भी कमाल किया। उन्होंने भारत के लिए 311 वनडे मुकाबलों में 100 विकेट झटके, जबकि टेस्ट में उनके नाम 32 विकेट हैं।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

