T20 वर्ल्ड कप 2026: समापन समारोह में प्रस्तुति देंगे फाल्गुनी-सुखबीर और मार्टिन, बिखेरेंगे सुरों का जादू

टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल रविवार, 8 मार्च को अहमदाबाद में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। मैच से पहले क्लोजिंग सेरेमनी में फाल्गुनी पाठक, सुखबीर और रिकी मार्टिन प्रस्तुति देंगे। ICC के अनुसार स्टेडियम गेट 3:30 बजे खुलेंगे और कार्यक्रम 5:30 बजे शुरू होगा।
Falguni-Sukhbir and Martin

टी20 विश्व कप 2026 अपने निर्णायक मोड़ पर है। रविवार, 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड खिताब के लिए भिड़ेंगे, लेकिन उससे पहले समापन समारोह भी आयोजन का बड़ा हिस्सा रहने वाला है।

आईसीसी ने बताया है कि फाइनल के दिन स्टेडियम के गेट दोपहर 3:30 बजे खोल दिए जाएंगे। क्लोजिंग सेरेमनी भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे शुरू होगी, जिसके बाद फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

समापन समारोह में कौन-कौन देगा प्रस्तुति

फाइनल से पहले होने वाले कार्यक्रम में फाल्गुनी पाठक, सुखबीर और अंतरराष्ट्रीय पॉप सुपरस्टार रिकी मार्टिन मंच पर नजर आएंगे। इस घोषणा के साथ आईसीसी ने फाइनल डे को खेल और मनोरंजन दोनों के लिहाज से बड़ा आयोजन बताया है।

“टी20 विश्व कप की पार्टी अब और बड़ी हो गई है। हमें यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि वैश्विक आइकॉन और सुपरस्टार रिकी मार्टिन आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल से पहले क्लोजिंग सेरेमनी के मुख्य आकर्षण होंगे। आप इस कार्यक्रम को मिस नहीं करना चाहेंगे।”- आईसीसी, आधिकारिक X पोस्ट

फाइनल तक पहुंचने का रास्ता

भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरी ओर न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को मात देकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया। दोनों टीमों ने नॉकआउट चरण में दबाव के बीच जीत दर्ज की और अब आखिरी मुकाबले में आमने-सामने हैं।

भारत के लिए यह टी20 विश्व कप फाइनल में कुल चौथी एंट्री है और लगातार दूसरी बार टीम इस मंच पर पहुंची है। भारतीय टीम ने 2007 में पहला टी20 विश्व कप जीता था। इसके बाद 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम ने एक बार फिर ट्रॉफी अपने नाम की थी।

रिकॉर्ड की संभावना और न्यूजीलैंड का लक्ष्य

यह फाइनल भारत के लिए ऐतिहासिक भी हो सकता है। अगर टीम इंडिया न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीतती है तो लगातार दो बार टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बन सकती है।

न्यूजीलैंड दूसरी बार फाइनल में पहुंचा है। पिछली बार उसने 2021 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल खेला था, जहां उसे हार मिली थी। इस बार की जीत न्यूजीलैंड को पहला टी20 विश्व कप खिताब दिला सकती है, जबकि भारत ट्रॉफी बचाने के इरादे से उतरेगा।

अहमदाबाद में मैच डे का कार्यक्रम तय हो चुका है पहले संगीत, फिर खिताबी टक्कर। अब पूरा ध्यान इस पर है कि रात के अंत में ट्रॉफी किस टीम के हाथ में होगी।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews