Hindi News

T20 वर्ल्ड कप 2026: भारत-पाकिस्तान मैच विवाद के बीच सूर्यकुमार यादव का बयान, बोले- हमारी फ्लाइट बुक है, हम खेलने जा रहे हैं

Written by:Gaurav Sharma
Published:
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर संकट के बादल हैं। पाकिस्तानी टीम के बहिष्कार की खबरों के बीच भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दो टूक कहा कि टीम इंडिया खेलने के लिए तैयार है और उनकी फ्लाइट बुक हो चुकी है। वहीं, बीसीसीआई ने इस मामले में गेंद ICC के पाले में डाल दी है।
T20 वर्ल्ड कप 2026: भारत-पाकिस्तान मैच विवाद के बीच सूर्यकुमार यादव का बयान, बोले- हमारी फ्लाइट बुक है, हम खेलने जा रहे हैं

नई दिल्ली: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 पर शुरुआत से पहले ही विवादों का साया पड़ गया है। सबसे बड़ा सवाल 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले भारत-पाकिस्तान महामुकाबले को लेकर है, जिसके बहिष्कार की खबरें पाकिस्तान की ओर से आ रही हैं। इन अटकलों पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहली बार चुप्पी तोड़ते हुए एक बड़ा बयान दिया है।

5 फरवरी को आयोजित कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, जब सूर्या से इस हाई-वोल्टेज मैच को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि भारतीय टीम का रुख बिल्कुल साफ है और वह खेलने के लिए पूरी तरह तैयार है।

कप्तान सूर्या का दो टूक जवाब

सूर्यकुमार यादव ने साफ शब्दों में कहा कि खेलने से इनकार भारत की तरफ से नहीं, बल्कि पाकिस्तान की तरफ से किया गया है। उन्होंने कहा, “हमारी सोच एकदम साफ है। हमने पाकिस्तान से खेलने से मना नहीं किया है, उन्होंने ही मना किया है। हमारी फ्लाइट बुक हो चुकी हैं और हम कोलंबो जा रहे हैं।”

“उनके फैसले पर हमारा कंट्रोल नहीं है। हमसे कहा गया है हम 15 फरवरी का मैच खेलेंगे। हमने एशिया कप में भी खेला था और अगर मैच हुआ तो हम 15 को भी खेलेंगे।”- सूर्यकुमार यादव, भारतीय कप्तान

सूर्या ने टीम के शेड्यूल का जिक्र करते हुए बताया, “हमारे मैच तय हैं, पहले USA, फिर नीदरलैंड्स और उसके बाद हम कोलंबो जाएंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय ड्रेसिंग रूम का माहौल काफी हल्का रखा जाता है और टीम को व्यक्तिगत माइलस्टोन से ऊपर रखा जाता है, ताकि खिलाड़ी बिना दबाव के खेल सकें।

BCCI ने गेंद ICC के पाले में डाली

जहां भारतीय कप्तान ने खेलने की मंशा जाहिर कर दी है, वहीं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस मामले पर सतर्क रुख अपनाया है। बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि इस पर बोर्ड की तरफ से कोई टिप्पणी नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा, “इस पर हमें कुछ नहीं कहना है। इस पूरे मामले पर ICC को फैसला लेना है और वह जो भी कहेगा हम उसी फैसले के हिसाब से आगे चलेंगे।” इस बयान से साफ है कि बीसीसीआई इस विवाद में सीधे तौर पर शामिल होने के बजाय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के फैसले का इंतजार करेगा।

क्यों खड़ा हुआ यह विवाद?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट टीम को अपनी सरकार से भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप का मैच नहीं खेलने का आदेश मिला है। हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अगर पाकिस्तान की टीम इस मुकाबले का बहिष्कार करती है, तो उसे ICC की तरफ से भारी जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है। बता दें कि पाकिस्तान की टीम टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए श्रीलंका पहुंच चुकी है और उसे अपने सभी ग्रुप मुकाबले कोलंबो में ही खेलने हैं।