‘इंडिया वीजा डिनाइड, बट…,पाकिस्तानी मूल के इस खिलाड़ी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले खड़ा किया विवाद

टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले एक और विवाद खड़ा हो चुका है। दरअसल, पाकिस्तान मूल के अमेरिकी तेज गेंदबाज अली खान ने दावा किया है कि उन्हें भारतीय वीजा नहीं मिला है। सोशल मीडिया पर इसे लेकर उन्होंने एक तंज भरा पोस्ट शेयर किया है।
'इंडिया वीजा डिनाइड, बट...,पाकिस्तानी मूल के इस खिलाड़ी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले खड़ा किया विवाद

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब ज्यादा समय नहीं रह गया है। भारत और श्रीलंका द्वारा संयुक्त रूप से इसकी मेजबानी की जा रही है, लेकिन अब इस भव्य टूर्नामेंट से पहले एक और विवाद खड़ा होता नजर आ रहा है। एक तरफ जहां बीसीसीआई मेजबानी की तैयारी में जुटा हुआ है, तो वहीं दूसरी ओर कुछ विदेशी खिलाड़ियों और बोर्ड से जुड़े लोगों की बयानबाजी ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। हालिया मामला अमेरिका की क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अली खान से जुड़ा हुआ है। बता दें कि इस तेज गेंदबाज का जन्म पाकिस्तान में हुआ था।

अली खान ने सोशल मीडिया पर भारतीय वीजा न मिलने पर भारत के खिलाफ तंज करते हुए एक पोस्ट शेयर की है। इस पोस्ट में अली खान ने लिखा, “इंडिया वीजा डिनाइड, बट केएफसी फॉर द विन।” अब सोशल मीडिया पर इसे भारत के खिलाफ तंज के तौर पर देखा जा रहा है।

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में हुआ था जन्म

अली खान की इस पोस्ट पर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। 35 साल के अली खान का जन्म पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के अटक शहर में हुआ था। जब उन्हें पाकिस्तान क्रिकेट टीम में खेलने का मौका नहीं मिला, तो उन्होंने अमेरिका का रुख किया और अमेरिका की टीम से क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया। ऐसा पहली बार नहीं है जब कोई पाकिस्तानी मूल का खिलाड़ी अमेरिका की टीम में खेल रहा है। इससे पहले भी कई ऐसे खिलाड़ी रहे हैं जो पाकिस्तानी मूल के होते हुए भी अमेरिका की टीम का हिस्सा रहे हैं।

कैसा है करियर रिकॉर्ड?

अली खान के इंटरनेशनल रिकॉर्ड पर नजर डालें तो उन्होंने अब तक अमेरिका के लिए 15 वनडे और 18 टी20 मुकाबले खेले हैं। उनके नाम वनडे में 33 विकेट जबकि टी20 में 16 विकेट दर्ज हैं। साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में भी अली खान अपनी टीम का हिस्सा थे और उन्होंने ऋषभ पंत और पाकिस्तान के फखर ज़मान जैसे खिलाड़ियों को आउट किया था। ऐसे में समझा जा सकता है कि अली खान के पास काफी अनुभव है। उन्होंने अब तक 99 टी20 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 93 विकेट हासिल किए हैं। इतना ही नहीं, वे कई टी20 लीग में भी शिरकत कर चुके हैं।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अमेरिका का शेड्यूल इस प्रकार है

7 फरवरी – USA बनाम भारत, वानखेड़े स्टेडियम (मुंबई)

10 फरवरी – USA बनाम पाकिस्तान, मसिन्हलीज स्पोर्ट्स क्लब (कोलंबो)

13 फरवरी – USA बनाम नीदरलैंड्स, एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेन्नई)

15 फरवरी – USA बनाम नामीबिया, एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेन्नई)

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews