भारत और पाकिस्तान के बीच होगा अंडर-19 एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला, सेमीफाइनल में हारा श्रीलंका

अंडर-19 एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने जगह बना ली है। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में श्रीलंका को हराकर फाइनल में प्रवेश किया है। अब भारत का फाइनल मुकाबला पाकिस्तान की टीम से 21 दिसंबर को खेला जाएगा।
भारत और पाकिस्तान के बीच होगा अंडर-19 एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला, सेमीफाइनल में हारा श्रीलंका

भारत की अंडर-19 टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है। भारत और श्रीलंका की अंडर-19 टीम के बीच खेले गए एशिया कप 2025 के सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने श्रीलंका को आठ विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही भारतीय टीम ने एक बार फिर टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है। अब सभी की निगाहें 21 दिसंबर को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हुई हैं। बता दें कि फाइनल मुकाबले में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा। पाकिस्तान की टीम ने भी इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है, हालांकि ग्रुप स्टेज के मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराया था।

सेमीफाइनल मुकाबले में भारत की ओर से आरोन जॉर्ज और विहान मल्होत्रा ने शानदार प्रदर्शन किया। बता दें कि दोनों ही खिलाड़ियों को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया। दोनों खिलाड़ियों ने बेहतरीन पारियां खेलते हुए भारत को आसानी से जीत दिलाई।

श्रीलंका की बल्लेबाजी कमजोर रही

मुकाबले पर नजर डालें तो यह सेमीफाइनल मैच आईसीसी अकैडमी, दुबई में खेला गया। इस मुकाबले में भारतीय अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने मात्र 15 रन के स्कोर पर पहला विकेट गंवा दिया, जबकि 25 रन पर दूसरा विकेट गिर गया। वीरन चामुदिथा 11 गेंदों में 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि डुलनिथ सिगेरा एक रन बनाकर आउट हो गए। वहीं विमथ दिनसारा ने 32 रनों का योगदान दिया। कविजा गमागे ने भी कुछ रन बनाए, लेकिन टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन चमिका हीनतिगाला ने बनाए। उन्होंने 42 रनों की पारी खेली। अन्य कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सका। किथमा विथनापतिराना ने सात रन बनाए, एडम हिल्मी ने एक रन बनाया, जबकि सेठमिका सेनेविरत्ने ने 30 रनों की पारी खेली। इसके चलते श्रीलंका की टीम 20 ओवर में 138 रन ही बना सकी।

आरोन जॉर्ज और विहान मल्होत्रा ने शानदार प्रदर्शन किया

139 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत भी खास नहीं रही। टीम ने अपना पहला विकेट मात्र सात रन के स्कोर पर गंवा दिया। कप्तान आयुष म्हात्रे श्रीलंका के खिलाफ केवल सात रन बनाकर आउट हो गए, जबकि वैभव सूर्यवंशी भी नौ रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि इसके बाद भारत पर किसी तरह का दबाव नहीं दिखा। भारत की ओर से आरोन जॉर्ज ने 58 रनों की नाबाद पारी खेली, वहीं विहान मल्होत्रा ने नाबाद 61 रन बनाए। दोनों खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के चलते भारतीय टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में आठ विकेट से जीत हासिल की और फाइनल में जगह बना ली। अब 21 दिसंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews