कब होगा वैभव सूर्यवंशी का भारतीय टीम में डेब्यू? कप्तान श्रेयस अय्यर ने उठा दिया इस बात से पर्दा

युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय डेब्यू पर क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें टिकी हैं। दरअसल इंग्लैंड सीरीज से पहले कप्तान श्रेयस अय्यर ने इस पर रहस्यमय जवाब दिया।
कब होगा वैभव सूर्यवंशी का भारतीय टीम में डेब्यू? कप्तान श्रेयस अय्यर ने उठा दिया इस बात से पर्दा

भारतीय टीम के इंग्लैंड दौरे से पहले युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय डेब्यू को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। दरअसल क्रिकेट प्रेमियों के मन में लगातार यह सवाल है कि क्या वैभव को आने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज में डेब्यू का मौका मिलेगा। वहीं इस बारे में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर से सवाल किया गया, लेकिन उन्होंने इसका सीधा जवाब देने से मना कर दिया।

दरअसल अय्यर ने इसे टीम का अंदरूनी मामला बताया। मैच से पहले मीडिया से बातचीत में श्रेयस अय्यर ने कहा, “देखिए, आप नहीं जानते कि क्या होने जा रहा है। फिलहाल हमारे हाथ भी बंधे हुए हैं कि हम क्या करने जा रहे हैं, क्योंकि यह बहुत प्राइवेट है। इस बारे में हम टीम के अंदर बातचीत करते हैं। हम हर किसी को नहीं बता सकते कि हम किस कॉम्बिनेशन के साथ जाएंगे और विरोधी टीम को जानने दीजिए कि क्या होने जा रहा है।”

वैभव सूर्यवंशी की अय्यर ने की तारीफ

हालांकि, अय्यर ने वैभव की तारीफ करते हुए कहा, “जाहिर तौर पर वह बहुत शानदार हैं। जब भी उन्हें खेलने का मौका मिलेगा, जाहिर तौर पर अच्छा करेंगे।” वैभव सूर्यवंशी इससे पहले आयरलैंड दौरे पर खेली गई दो मैचों की टी20 सीरीज के लिए भी भारतीय टीम में शामिल थे। उस समय उन्हें अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का मौका नहीं मिला था। अब 1 जुलाई से शुरू हो रही इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में उनके डेब्यू की संभावना पर फिर चर्चा शुरू हो गई है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया इस अहम सीरीज के लिए तैयार है।

सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में से एक

वैभव भारतीय टीम में शामिल होने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में से एक हैं। उनके पास भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने का नया रिकॉर्ड बनाने का मौका है। यह रिकॉर्ड फिलहाल पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है। तेंदुलकर ने भी बहुत कम उम्र में भारतीय टीम के लिए खेलना शुरू किया था।

IPL में कर चुके हैं कमाल

वैभव सूर्यवंशी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया में जगह बनाई है। उन्होंने 2025 में राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल में डेब्यू किया था। राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 1.10 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। अपने पहले ही आईपीएल सीजन में वैभव ने सात मैचों की सात पारियों में कुल 252 रन बनाए। इसमें एक शतक और एक अर्धशतक भी शामिल था, जो उनकी बल्लेबाजी की क्षमता दिखाता है। अगले सीजन 2026 में वैभव का प्रदर्शन और भी शानदार रहा। उन्होंने 16 पारियों में 776 रन बनाए और इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ऑरेंज कैप भी जीती। आईपीएल में लगातार दो सीजन के शानदार प्रदर्शन ने ही उनके लिए टीम इंडिया के दरवाजे खोले और उन्हें राष्ट्रीय चयनकर्ताओं की नजर में लाया। उनकी प्रतिभा और लगातार अच्छे प्रदर्शन को देखते हुए ही उन्हें टीम इंडिया में मौका दिया गया है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews