U-19 World Cup: 14 साल के वैभव सूर्यवंशी की नजरें विराट कोहली के रिकॉर्ड पर, आज बांग्लादेश से होगी भारत की टक्कर

अंडर-19 वर्ल्ड कप में आज भारत का मुकाबला बांग्लादेश से है। इस मैच में 14 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के पास सिर्फ 4 रन बनाकर विराट कोहली का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का मौका होगा। भारत इस टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगा।
U-19 World Cup: 14 साल के वैभव सूर्यवंशी की नजरें विराट कोहली के रिकॉर्ड पर, आज बांग्लादेश से होगी भारत की टक्कर

अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम शनिवार को अपना दूसरा मुकाबला बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगी। बुलावायो में दोपहर 1 बजे से शुरू होने वाले इस मैच में सबकी निगाहें 14 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर होंगी। वैभव के पास सिर्फ 4 रन बनाकर यूथ वनडे में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाने के मामले में दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली को पीछे छोड़ने का सुनहरा मौका है।

टीम इंडिया इस टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत कर चुकी है। उसने अपने पहले मैच में USA को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी थी। अब टीम की कोशिश लगातार दूसरी जीत हासिल कर अपनी लय बरकरार रखने की होगी। वहीं, बांग्लादेश की टीम इस वर्ल्ड कप में अपना पहला मैच खेलेगी और एक मजबूत शुरुआत करना चाहेगी।

कोहली के रिकॉर्ड से 4 रन दूर वैभव

यूथ वनडे में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में वैभव सूर्यवंशी फिलहाल 8वें स्थान पर हैं। उन्होंने अब तक 19 मैचों में 975 रन बनाए हैं। वहीं, विराट कोहली 28 मैचों में 978 रनों के साथ उनसे एक पायदान ऊपर हैं। वैभव अगर आज के मैच में 4 रन बना लेते हैं, तो वह कोहली को पीछे छोड़ देंगे। हालांकि, पहले मैच में वह USA के खिलाफ सिर्फ 2 रन ही बना सके थे।

आंकड़ों में भारत का पलड़ा भारी

अगर दोनों टीमों के बीच पिछले रिकॉर्ड्स को देखें तो भारतीय टीम का पलड़ा भारी नजर आता है। अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत और बांग्लादेश के बीच अब तक 7 मैच खेले गए हैं। इनमें से 5 मुकाबलों में भारतीय टीम ने जीत हासिल की है, जबकि बांग्लादेश को सिर्फ 2 मैचों में सफलता मिली है।

पिछले मैच के हीरो

टूर्नामेंट के पहले मैच में USA के खिलाफ भारत के लिए अभिज्ञान कुंडू ने 42 रनों की अहम पारी खेली थी। वहीं गेंदबाजी में दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हेनिल पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात ओवरों में सिर्फ 16 रन देकर पांच विकेट चटकाए थे।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

भारत: आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश पंगालिया, आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन, खिलन पटेल।

बांग्लादेश: अजीजुल हकीम तमीम (कप्तान), जवाद अबरार, रिफत बेग, कलाम सिद्दीकी, मोहम्मद अब्दुल्ला, शेख परवेज जिबोन, फरीद हसन फैसल, समिउन बसीर रतुल, अल फहद, साद इस्लाम रजिन, इकबाल हुसैन।

कहां देखें मैच?

भारत और बांग्लादेश के बीच होने वाले इस मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews