भारत-ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीमों के बीच खेले गए मुकाबले में भारत ने 7 विकेट से जीत हासिल की। यह मुकाबला ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर खेला गया, जिसमें पहले यूथ वनडे मुकाबले में भारत ने जीत हासिल करते हुए सीरीज में बढ़त बना ली। भारत की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए हेनिल पटेल ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए, तो वहीं वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर चौकों की बारिश कर दी। 21 सितंबर को खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम ने 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 225 रन बनाए थे, हालांकि भारतीय टीम ने इस लक्ष्य को मात्र 30.3 ओवर में ही हासिल कर लिया।
हालांकि वैभव सूर्यवंशी इस मुकाबले में अर्धशतक नहीं जमा पाए, लेकिन उन्होंने भारतीय टीम को शानदार शुरुआत दी और तेज गति से रन बटोरे। इस मुकाबले में सबसे शानदार बल्लेबाजी भारत की ओर से अभिज्ञान कुंडू ने की।
अभिज्ञान कुंडू ने नाबाद 87 रन की पारी खेली
भारत के अंडर-19 के सितारे अभिज्ञान कुंडू ने नाबाद 87 रन की पारी खेली। उन्होंने 74 गेंदों में यह रन बनाए। अभिज्ञान कुंडू ने न सिर्फ बल्लेबाजी में योगदान दिया बल्कि फील्डिंग में भी शानदार कैच पकड़े। इसी चलते उन्हें मैन ऑफ द मैच का अवार्ड दिया गया। वहीं वैभव सूर्यवंशी ने भारत को तूफानी शुरुआत दी। वैभव ने 22 गेंदों पर 38 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। वैभव ने सात चौके और एक शानदार छक्का लगाया। भारत ने मात्र 5 ओवर में 50 रन जोड़ लिए थे, जिसके चलते भारत मात्र 30 ओवर में ही अपने लक्ष्य तक पहुंच गया।
117 गेंद शेष रहते ही हरा दिया
भारत अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम को 117 गेंद शेष रहते ही हरा दिया। यह दिखा रहा है कि भारतीय अंडर-19 टीम इस समय शानदार फॉर्म से गुजर रही है। वहीं भारत की ओर से वेदांत त्रिवेदी ने भी शानदार बल्लेबाजी की। वेदांत त्रिवेदी ने 69 गेंदों पर 61 रनों की दमदार पारी खेली। वेदांत और अभिज्ञान मुंडू ने नाबाद रहते हुए भारत को जीत दिलाई। इससे पहले भारतीय टीम के गेंदबाजों ने कमाल किया था। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम को मात्र 50 ओवर में 225 रन ही बनाने दिए। भारत की ओर से हेनिल पटेल ने तीन, किशन कुमार और कनिष्क चौहान ने दो-दो शानदार विकेट हासिल किए, जबकि आईएस अंबरीश को एक विकेट मिला। बता दें कि अब दूसरा वनडे मुकाबला 24 तारीख और तीसरा वनडे मुकाबला 26 तारीख को खेला जाएगा।





