इंदौर मैच से पहले महाकाल की शरण में विराट कोहली और कुलदीप यादव, भस्म आरती में हुए शामिल

न्यूजीलैंड के खिलाफ इंदौर में होने वाले मैच से पहले टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली और कुलदीप यादव उज्जैन पहुंचे। दोनों ने शनिवार सुबह महाकालेश्वर मंदिर की भस्म आरती में शामिल होकर टीम की जीत के लिए प्रार्थना की।
इंदौर मैच से पहले महाकाल की शरण में विराट कोहली और कुलदीप यादव, भस्म आरती में हुए शामिल

भारत और न्यूजीलैंड के बीच इंदौर में होने वाले क्रिकेट मुकाबले से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ी आध्यात्मिक रंग में रंगे नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और स्पिनर कुलदीप यादव शनिवार सुबह उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग पहुंचे। दोनों ने अलौकिक भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।

यह पहला मौका नहीं है जब विराट और कुलदीप ने महाकाल मंदिर में दर्शन किए हैं। इससे पहले भी वे यहां आकर भगवान का आशीर्वाद ले चुके हैं। उनकी यह यात्रा टीम और देश के लिए होने वाले महत्वपूर्ण मैच से पहले की गई है।

दो घंटे नंदी हॉल में की आराधना

विराट कोहली और कुलदीप यादव सुबह करीब चार बजे भस्म आरती के लिए महाकाल मंदिर पहुंचे। दोनों ने लगभग दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर पूरी श्रद्धा के साथ आरती देखी। इस दौरान वे भगवान महाकाल का जाप करते हुए भक्ति में डूबे नजर आए। विराट ने अपने मस्तक पर चंदन का त्रिपुंड भी लगा रखा था।

मंदिर परिसर में मंत्रोच्चार और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच का माहौल बेहद आध्यात्मिक था। भस्म आरती संपन्न होने के बाद दोनों खिलाड़ियों ने नंदी जी का पूजन किया और भगवान महाकाल के देहरी से दर्शन कर देश और टीम की जीत के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर महाकाल मंदिर समिति की ओर से दोनों क्रिकेटरों का सम्मान भी किया गया।

‘सब पर बना रहे महाकाल का आशीर्वाद’

दर्शन के बाद कुलदीप यादव ने मीडिया से बातचीत में अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि मंदिर आकर उन्हें बहुत अच्छा महसूस हुआ।

“महाकाल मंदिर आकर बहुत अच्छा लगा, क्रिकेट के साथ-साथ अपनी लाइफ में भी अच्छा करते रहें, भगवान महाकाल का आशीर्वाद सब पर बना रहे बस यही मांगा है।” — कुलदीप यादव

गौरतलब है कि टीम इंडिया के इंदौर पहुंचने के बाद से ही खिलाड़ियों के महाकाल मंदिर में दर्शन का सिलसिला जारी है। विराट और कुलदीप से पहले केएल राहुल और गौतम गंभीर भी बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने पहुंचे थे।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews