
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर वसीम अकरम पर बड़ा आरोप लगा है। अब इस आरोप के चलते उन पर जेल जाने का खतरा भी मंडराने लगा है। दरअसल, वसीम अकरम के खिलाफ साइबर क्राइम एजेंसी में शिकायत दर्ज की गई है। जिस व्यक्ति ने यह शिकायत दर्ज कराई है, उनका कहना है कि वसीम अकरम आम जनता में ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप का प्रचार कर रहे हैं, जिसके चलते लोग अपने रास्ते से भटक रहे हैं।
शिकायत मोहम्मद फैयाज नाम के व्यक्ति द्वारा दर्ज कराई गई है। उन्होंने लाहौर की नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी में वसीम अकरम के खिलाफ यह शिकायत की है। शिकायत में अपील की गई है कि वसीम अकरम को गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने सट्टेबाजी ऐप का प्रमोशन किया है। बता दें कि वसीम अकरम विदेशी सट्टेबाजी ऐप ‘बाजी’ के ब्रांड एंबेसडर हैं।
जानिए शिकायतकर्ता ने क्या अपील की है?
मोहम्मद फैयाज का कहना है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो ऐड और पोस्ट में वसीम अकरम को देखा जा रहा है, जो ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का प्रचार कर रहे हैं। इसमें वे आम लोगों को उसे इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। शिकायतकर्ता ने इलेक्ट्रॉनिक क्राइम एक्ट 2016 के तहत वसीम अकरम के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है। हालांकि देखना होगा कि जांच एजेंसी इस विषय को कितना गंभीरता से लेती है और वसीम अकरम को इस मामले में सजा होती है या नहीं।
अब तक इस मामले में वसीम अकरम ने कुछ नहीं कहा
वहीं, मामले को लेकर साइबर क्राइम एजेंसी के एक अधिकारी ने पीटीआई को जानकारी दी कि वसीम अकरम के खिलाफ ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप के प्रमोशन को लेकर शिकायत मिली है। अगर उनके खिलाफ आरोप सही पाए जाते हैं, तो कार्रवाई होगी। हालांकि, वसीम अकरम की ओर से इस मामले में अभी तक कुछ भी नहीं कहा गया है। अब उन पर गिरफ्तारी का संकट भी मंडरा रहा है। बता दें कि इस मामले में मशहूर टिकटॉकर और यूट्यूबर साद उर रहमान को पहले भी गिरफ्तार किया जा चुका है। ऐसे में अब वसीम अकरम की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

