World Cup 2027 की संभावित टीम में भुवनेश्वर कुमार का नाम? रविचंद्रन अश्विन ने अजीत अगरकर से की ये खास अपील

World Cup 2027 की संभावित टीम को लेकर अभी से चर्चा शुरू हो गई है। दरअसल पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर से अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार से बातचीत करने और उन्हें घरेलू क्रिकेट के जरिए तैयार करने की सलाह दी है।
World Cup 2027 की संभावित टीम में भुवनेश्वर कुमार का नाम? रविचंद्रन अश्विन ने अजीत अगरकर से की ये खास अपील

आईपीएल 2026 में दमदार गेंदबाजी करने वाले अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार एक बार फिर भारतीय क्रिकेट में चर्चा का केंद्र बन गए हैं। दरअसल इस बार वजह उनका प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि रविचंद्रन अश्विन का बड़ा बयान है। अश्विन का मानना है कि अगर सही योजना बनाई जाए तो भुवनेश्वर 2027 वनडे वर्ल्ड कप में भारत के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं।

बता दें कि भुवनेश्वर कुमार लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर हैं, लेकिन आईपीएल में उनकी लय ने यह दिखाया कि अनुभव और नई गेंद से उनकी स्विंग आज भी बल्लेबाजों के लिए चुनौती बनी हुई है। ऐसे में चयनकर्ताओं के सामने यह सवाल खड़ा हो गया है कि क्या अनुभवी गेंदबाज को एक और मौका दिया जाना चाहिए।

रविचंद्रन अश्विन ने क्यों जताया भुवनेश्वर कुमार पर भरोसा?

दरअसल क्रिकइन्फो के शो ‘Yes, No or Maybe’ में जब रविचंद्रन अश्विन से 2027 वनडे वर्ल्ड कप के संभावित खिलाड़ियों को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कई नामों के बीच खुद भुवनेश्वर कुमार का जिक्र किया। अश्विन ने कहा कि वह भुवनेश्वर को अपनी “Yes” सूची में रखते हैं और चाहते हैं कि मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर उनसे बातचीत करें। उनके मुताबिक, भुवनेश्वर को विजय हजारे ट्रॉफी समेत सभी प्रमुख घरेलू टूर्नामेंट खेलने चाहिए ताकि वह दोबारा 50 ओवर के क्रिकेट की लय हासिल कर सकें। अश्विन का मानना है कि दक्षिण अफ्रीका जैसी परिस्थितियों में स्विंग गेंदबाज की अहमियत बढ़ जाती है और वहां भुवनेश्वर का अनुभव भारतीय टीम के काफी काम आ सकता है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि सिर्फ तेज गति ही नहीं, बल्कि सही लाइन-लेंथ और नई गेंद से विकेट निकालने की क्षमता भी बड़े टूर्नामेंट में जीत दिलाती है।

कैसा था IPL 2026 का प्रदर्शन ?

बता दें कि आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए भुवनेश्वर कुमार ने 28 विकेट लेकर टीम की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। वह पूरे सीजन टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे और पावरप्ले के साथ डेथ ओवरों में भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। हालांकि भारतीय टीम की मौजूदा चयन नीति को देखें तो वापसी की राह आसान नहीं दिखती। अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति पिछले कुछ समय से लंबे कद और तेज रफ्तार वाले गेंदबाजों पर ज्यादा भरोसा जता रही है। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और युवा तेज गेंदबाज लगातार टीम की योजनाओं का हिस्सा बने हुए हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews