
भारतीय क्रिकेट टीम के लिए टेस्ट क्रिकेट का पिछला कुछ समय ठीक नहीं निकला। हालांकि हाल ही में भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज अपने नाम की, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में भारत को बराबरी पर सीरीज खत्म करनी पड़ी। ऐसे में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 (WTC 2025-27) के नए सर्कल में भारत पॉइंट्स टेबल पर पहले स्थान पर नहीं पहुंच सका है। पिछले सर्कल में भी भारत फाइनल मुकाबला नहीं जीत सका था, ऐसे में फैंस भारतीय टीम से उम्मीद कर रहे हैं कि टीम नए सर्कल में फाइनल खेलकर टेस्ट में भी नंबर वन का ताज हासिल करे।
हाल ही में भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली गई, जिसे भारतीय टीम ने 2-0 से अपने नाम किया। लेकिन इस सीरीज को जीतने के बाद भी भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC 2025-27) के पॉइंट्स टेबल में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका से पीछे है। फैंस के मन में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर इसके पीछे का कारण क्या है।
जीत प्रतिशत से किया जाता है तय
जानकारी के लिए बता दें कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के वर्तमान सर्कल में भारत ने अब तक चार मुकाबले जीते हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने तीन और श्रीलंका ने एक मुकाबला जीता है। श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया को अब तक किसी भी हार का सामना नहीं करना पड़ा है, जबकि भारत ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के नए सर्कल में अब तक सात मुकाबले खेले हैं और मात्र चार मुकाबले जीते हैं। भारत ने दो मुकाबले हारे हैं, जबकि एक मुकाबला ड्रॉ रहा है। ऐसे में भारत का जीत प्रतिशत 61.5 रहा है। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया का जीत प्रतिशत 100% है, जबकि श्रीलंका का जीत प्रतिशत 66.67 रहा है। दरअसल, जीत प्रतिशत के आधार पर ही पॉइंट्स टेबल तैयार किया जाता है। पिछले सीजन में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया था, जिसमें दक्षिण अफ्रीका की टीम ने जीत हासिल की थी।
WTC 2025-27 के पॉइंट्स टेबल पर डालें नजर
दरअसल, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के नए सर्कल में अब तक न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका ने मुकाबले नहीं खेले हैं। पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज खेली जा रही है, जिसका असर पॉइंट्स टेबल पर पड़ेगा। वेस्टइंडीज की टीम ने अब तक पांच मुकाबले खेले हैं, जिनमें पांचों मुकाबले हारे हैं और वेस्टइंडीज का जीत प्रतिशत शून्य रहा है। वहीं बांग्लादेश की टीम ने दो मुकाबले खेले हैं, जिनमें एक मुकाबला हारा है और एक ड्रॉ रहा है। बांग्लादेश का जीत प्रतिशत 16.67 है, जिसके चलते वह पांचवें नंबर पर है। चौथे नंबर पर इंग्लैंड की टीम है, जिसने अब तक पांच मुकाबले खेले हैं, जिनमें से दो जीते, दो हारे और एक ड्रॉ रहा। इंग्लैंड का जीत प्रतिशत 43.33 है। जानकारी के लिए बता दें कि एक मुकाबला जीतने पर टीम को 12 पॉइंट्स मिलते हैं, जबकि मुकाबला टाई होने पर टीम को 6 पॉइंट्स दिए जाते हैं, और अगर मुकाबला ड्रॉ होता है तो टीम को 4 पॉइंट्स मिलते हैं।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

