
41 साल के इतिहास में पहली बार भारत और पाकिस्तान एशिया कप के टूर्नामेंट के फाइनल में आमने-सामने होंगे। यह फाइनल मुकाबला ऐसे वक्त में खेला जा रहा है जब क्रिकेट में दोनों टीमों के बीच विवाद की स्थिति खड़ी है। ऐसे में पहले से ही माहौल गर्म है, लेकिन अब इस माहौल को और भी ज्यादा भड़काने का काम युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह ने किया है। दरअसल, योगराज सिंह ने एक ऐसा बयान दे दिया है जिससे क्रिकेट के बड़े-बड़े दिग्गज भी हैरान रह गए।
हालांकि भारत-पाकिस्तान के फाइनल मुकाबले से पहले भी कंट्रोवर्सी सामने आ चुकी है। 14 सितंबर को दोनों टीमें आमने-सामने हुई थीं। मुकाबले के दौरान भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया, जिससे पाकिस्तान बुरी तरह नाराज हो गया और स्थिति बिगड़ गई। जबकि दूसरी बार 21 सितंबर को दोनों टीमें आमने-सामने आईं। इस मुकाबले में भी भारतीय टीम ने जीत हासिल की और पाकिस्तान खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। इसकी शिकायत पाकिस्तान की ओर से मैच रेफरी से भी की गई।
28 सितंबर को होगा फाइनल मुकाबला
अब ऐसे समय में दोनों टीमें 28 सितंबर को एक बार फिर एशिया कप के फाइनल मुकाबले में आमने-सामने होंगी। इसी बीच युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह ने इस मुकाबले से पहले सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। दरअसल, योगराज सिंह ने कहा कि वह अपने देश के साथ हमेशा खड़े रहेंगे। उन्होंने सभी को यह याद दिलाने की कोशिश की कि दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव के बावजूद दोनों तरफ के खिलाड़ियों का सम्मान किया जाना चाहिए और उसी तरह से हमें प्रतिक्रिया भी देनी चाहिए। योगराज सिंह ने कहा कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों को गलत तरीके से निशाना बनाया जाता है, जो क्रिकेट की छवि के लिए अच्छा नहीं है। मैं अपने देश के साथ हमेशा रहूंगा क्योंकि मैं इस देश का नागरिक हूं। अगर कोई मेरे देश के खिलाफ कुछ कहेगा तो मैं उसे बर्दाश्त नहीं करूंगा।
मैं उसकी मुंडी काट दूंगा: योगराज सिंह
इस दौरान योगराज सिंह ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि जो मेरे देश के खिलाफ कुछ कहेगा, मैं उसकी मुंडी काट दूंगा। लेकिन जहां तक खिलाड़ियों की बात है, तो उनका सम्मान होना चाहिए। पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय खिलाड़ी अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल आराम से बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन पाकिस्तान खिलाड़ियों ने उन दोनों को गाली दी। इसका क्या फायदा है? यह फ्रस्ट्रेशन नहीं है तो क्या है? बता दें कि 21 सितंबर को खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान के हरीश श्रॉफ और साहिबजादा फरहान ने भारतीय खिलाड़ियों के साथ विवाद बढ़ाने की कोशिश की। हालांकि मैच के बाद अभिषेक शर्मा ने यह साफ कहा कि मैंने अपनी बल्लेबाजी से उनकी गालियों का जवाब दिया है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

