टीकमगढ़ में प्रभारी प्राचार्य के तबादले के खिलाफ सड़क पर उतरे छात्र, किया चक्काजाम, शिक्षकों की कार्यप्रणाली पर भी उठाए सवाल

टीकमगढ़ जिले में मंगलवार को स्कूली छात्र अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे। छात्रों ने प्रभारी प्राचार्य हरदास कुशवाहा के तबादले के विरोध में मजना-खरगापुर मार्ग पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया।
Tikamgarh News

जिन बच्चों के हाथों में किताबें और कॉपियां होनी चाहिए और जिन्हें शिक्षा के मंदिर यानी स्कूल-कॉलेजों में होना चाहिए, वे आज अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरकर शासन-प्रशासन के सामने अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। इतना ही नहीं, कई ऐसे मामले भी सामने आ रहे हैं जहां छोटे-छोटे स्कूली बच्चे तक अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हैं।

इन दिनों मध्यप्रदेश में ऐसे कई मामले सामने आ रहे हैं जहां स्कूली बच्चे अपनी मांगों को लेकर कभी प्रशासन का दरवाजा खटखटा रहे हैं तो कभी सड़क पर उतरकर अपनी आवाज उठा रहे हैं। अब ताजा मामला टीकमगढ़ जिले से सामने आया है। जहां स्कूली छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए चक्काजाम किया।

क्या है पूरा मामला?

यह पूरा मामला बल्देवगढ़ क्षेत्र के बनयानी गांव का है जहां मंगलवार को छात्रों ने प्रभारी प्राचार्य हरदास कुशवाहा के तबादले के विरोध में प्रदर्शन किया। छात्रों ने मजना-खरगापुर मार्ग पर स्थित हाईस्कूल के सामने चक्काजाम कर दिया एवं जोर जोर से नारे भी लगाए। जिससे सड़क पर यातायात बाधित हो गया।

छात्रों का कहना है कि प्रभारी प्राचार्य हरदास कुशवाहा का तबादला करीब दो महीने पहले किया गया था। छात्रों ने आरोप लगाया कि उनके ट्रांसफर के बाद स्कूल की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसी के विरोध में उन्होंने सड़क पर उतरकर अपना विरोध दर्ज कराया और उनका तबादला रद्द करने की मांग की।

छात्रों ने लगाए गंभीर आरोप

एक छात्र ने आवाज उठाते हुए शिक्षकों की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। छात्र ने बताया कि स्कूल में छह शिक्षक हैं लेकिन केवल हिंदी के शिक्षक ही ठीक से पढ़ाते हैं। वहीं अन्य शिक्षक पढ़ाई में लापरवाही बरतते हैं। इसके अलावा छात्र ने यह भी कहा कि 15 अगस्त यानि स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए उन्हें स्वयं मिलकर स्कूल की साफ-सफाई करनी पड़ी और उसके बाद समारोह का आयोजन किया गया।

क्या हैं छात्रों की मांगें?

बता दें कि प्रदर्शनकारी छात्रों की मुख्य मांग है कि प्रभारी प्राचार्य हरदास कुशवाहा का तबादला तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए और उन्हें बनयानी हाई स्कूल में पुनः पदस्थ किया जाए। इसके अलावा छात्रों ने चेतावनी दी कि उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, उनका आंदोलन जारी रहेगा। घटना की सूचना मिलते ही बल्देवगढ़ तहसीलदार प्राची जैन मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बच्चों को समझाकर आश्वासन दिया है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews