टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) के एक एपिसोड में मध्य प्रदेश के नागदा शहर को लेकर की गई एक टिप्पणी अब कानूनी विवाद में बदल गई है। शो के होस्ट अमिताभ बच्चन द्वारा नागदा को ‘पानी की समस्या वाला छोटा सा गांव’ बताए जाने के खिलाफ दायर एक परिवाद को स्थानीय अदालत ने स्वीकार कर लिया है। न्यायालय ने इस मामले में संबंधित थाने से रिपोर्ट भी मांगी है।
नागदा के ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास (JMFC) न्यायालय में यह परिवाद दायर किया गया था। कोर्ट ने इसे स्वीकार करते हुए प्रकरण को केस इंफॉर्मेशन सिस्टम (CIS) में दर्ज करने का निर्देश दिया है। किसी भी मामले का CIS में दर्ज होना यह दर्शाता है कि अदालत ने याचिका को सुनवाई के लिए स्वीकार कर लिया है। इस मामले में अगली सुनवाई की तारीख 9 अप्रैल निर्धारित की गई है।
क्या है पूरा मामला?
यह विवाद ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 23 दिसंबर 2025 को प्रसारित हुए एपिसोड से जुड़ा है। आरोप है कि इस एपिसोड के दौरान अमिताभ बच्चन ने नागदा को एक ऐसे छोटे गांव के रूप में प्रस्तुत किया जो पानी की किल्लत से जूझ रहा है। इस टिप्पणी पर स्थानीय निवासियों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे शहर की छवि को धूमिल करने वाला बताया।
स्थानीय निवासी और अधिवक्ता लक्ष्मण सुंदरा ने इस मामले में परिवाद दायर किया है। उन्होंने अमिताभ बच्चन के साथ-साथ सोनी पिक्चर्स नेटवर्क इंडिया के सीईओ गौरव बैनर्जी के खिलाफ भी अपराध पंजीबद्ध करने की मांग की है। अब पुलिस की रिपोर्ट और अगली सुनवाई के बाद ही न्यायालय आगे की कार्रवाई पर फैसला करेगा।
‘राष्ट्रीय कार्यक्रम में दी भ्रामक जानकारी’
इस केस की पैरवी कर रहे अधिवक्ता राजेश मंडवारिया और दीपमाला अवाना का कहना है कि केबीसी जैसे बड़े राष्ट्रीय मंच पर नागदा के बारे में गलत और भ्रामक जानकारी दी गई।
अधिवक्ता जैना श्रीमाल के अनुसार, ‘कार्यक्रम में नागदा को न केवल छोटा गांव बताया गया, बल्कि उसे पानी के संकट से ग्रस्त भी कहा गया, जो तथ्यात्मक रूप से पूरी तरह गलत है। इससे शहर की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।’
औद्योगिक शहर है नागदा
याचिका में इस बात का भी उल्लेख किया गया है कि नागदा कोई छोटा गांव नहीं, बल्कि मालवा क्षेत्र का एक प्रमुख रेलवे जंक्शन और एक विकसित औद्योगिक नगर है। इसकी आबादी डेढ़ लाख से भी अधिक है। परिवाद में यह भी कहा गया है कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तीन बार नागदा को जिला बनाने की घोषणा कर चुके हैं, जो इसके महत्व को दर्शाता है। गौरतलब है कि अमिताभ बच्चन का ससुराल मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में है। उनकी पत्नी जया बच्चन का बचपन भोपाल में ही बीता है।






