उज्जैन आने वाले पर्यटकों को मिलेगी ई-बाइक की सुविधा, बनेंगे 7 डॉकिंग स्टेशन, ऑनलाइन होगी बुकिंग

e bike

E Bike Ujjain: उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन करने और अन्य तीर्थ स्थलों के दर्शन करने के लिए पहुंचने वाले पर्यटकों को अब जल्द ही ई बाइक की सुविधा मिलने वाली है। इससे लोगों को शहर में एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने में काफी सहूलियत मिलेगी। इसका इस्तेमाल वह एक एप्लीकेशन की मदद से कर सकेंगे।

महाकाल लोक से बढ़ी भीड़

उज्जैन में जब से महाकाल लोक का निर्माण हुआ है, उसके बाद से लगातार पर्यटकों की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है। लगातार दर्शनार्थी घूमने फिरने और दर्शन करने के लिए उज्जैन पहुंच रहे हैं। आने वाले यात्रियों को एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए ऑटो या फिर ई-रिक्शा का सहारा लेना पड़ता है। इसके लिए उनसे कई बार मुंह मांगे दाम भी वसूल लिए जाते हैं। बाहर से आने वाले यात्रियों को किराए के संबंध में और दूरी के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं होती इसलिए वह जो दाम मांगा जाता है वह कीमत चुकाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना चाहते हैं।

ई-बाइक से मिलेगी सुविधा

जो पर्यटक दर्शन करने के लिए उज्जैन पहुंच रहे हैं उन्हें नगर निगम द्वारा ई-बाइक की सुविधा प्रदान की जाएगी। लगभग 75 ई-बाइक शहर के लिए मंगाई जा रही है, जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया को अपनाया जाएगा, जो फिलहाल चुनाव तक टाली गई है। इन वाहनों के लिए शहर में 7 जगह पार्किंग यानी डॉकिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। लोग यहां से इन बाइकों को उपयोग के लिए ले सकेंगे और वापस छोड़ सकेंगे।

एप्लीकेशन का इस्तेमाल

जानकारी के मुताबिक टेंडर खुलने के बाद कंपनी बाइक का संचालन करेगी। एक ऐप का निर्माण करवाया जाएगा और उसी के माध्यम से बुकिंग करते हुए ऑनलाइन पेमेंट करना होगा। बुकिंग के समय आपको कहां जाना है और कहां से बाइक ले रहे हैं यह सारी जानकारी दर्ज करवाई जाएगी। इसके बाद व्यक्ति को निर्धारित पार्किंग पर ई-बाइक वापस से छोड़ना होगी। यह 2 सीटर बाइक होने वाली है, जिसका सबसे ज्यादा फायदा उज्जैन आने वाले पर्यटकों को होगा।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews