MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

उज्जैन में इंसानियत तार-तार, 9 से 11 साल के बच्चों ने सो रहे बुजुर्ग को घेरा, धोती खींची और लूट लिए पैसे

उज्जैन के प्रसिद्ध गेबी हनुमान मंदिर के बाहर सो रहे बुजुर्ग केके शर्मा पर 5 नाबालिग बच्चों ने लात-घूंसों और डंडों से हमला कर दिया। पैसे छीनने और मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है।
उज्जैन में इंसानियत तार-तार, 9 से 11 साल के बच्चों ने सो रहे बुजुर्ग को घेरा, धोती खींची और लूट लिए पैसे

धर्मनगरी उज्जैन के प्रसिद्ध गेबी हनुमान मंदिर परिसर के बाहर से एक दिल देहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। यहां मंदिर के बाहर फुटपाथ पर सो रहे एक बेबस और असहाय बुजुर्ग के साथ 5 छोटे बच्चों ने बेरहमी से मारपीट की।

16 सितंबर की तड़के करीब 4 बजे हुई इस वारदात में मासूम दिखते बच्चों ने दरिंदगी की हदें पार कर दीं। उन्होंने बुजुर्ग को चारों तरफ से घेरकर लात-घूंसों और लाठियों से पीटा और उनके पास रखे चंद रुपये छीनकर भाग निकले। पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद शहरवासियों का गुस्सा फूट पड़ा है।

10 मिनट तक मासूमियत के मुखौटे में होती रही बर्बरता

मामले की जानकारी के अनुसार, पीड़ित बुजुर्ग केके शर्मा मंदिर के पास एक दुकान के शेड के नीचे सो रहे थे। तभी अचानक 9 से 11 साल की उम्र के पांच बच्चे वहां पहुंचे। वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्चे बिना किसी खौफ के बुजुर्ग पर टूट पड़े। कोई उन्हें लात मार रहा था तो कोई लकड़ी से वार कर रहा था।

रोते हुए छलका बुजुर्ग का दर्द

पीड़ित बुजुर्ग केके शर्मा मंदिर के आसपास भिक्षा मांगकर अपना पेट पालते हैं। इस घटना के बाद जब लोगों ने उनसे बात की तो उनका दर्द छलक पड़ा। नम आंखों से उन्होंने आपबीती बताते हुए कहा कि ये बच्चे उन्हें पहली बार परेशान नहीं कर रहे हैं, बल्कि आए दिन उनके साथ मारपीट करते हैं और जो थोड़े-बहुत पैसे मांगने पर मिलते हैं, उन्हें छीनकर ले जाते हैं।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

घटना के समय वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने इस पूरी करतूत का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखते ही उज्जैन के स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया है। हर कोई इस बात से हैरान है कि इतनी छोटी सी उम्र के बच्चों में इस कदर आपराधिक मानसिकता और निर्दयता कहां से आ रही है।

रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग

बुजुर्ग केके शर्मा का कहना है कि अगर वक्त रहते इन बच्चों पर लगाम नहीं कसी गई तो वे किसी दिन कोई बड़ी अनहोनी कर देंगे। घटना की जानकारी सामने आने के बाद अब स्थानीय नागरिकों और धार्मिक संगठनों ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि इन नाबालिग बच्चों और उनके अभिभावकों की पहचान कर उन पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि मंदिर के आसपास रहने वाले बेसहारा और बुजुर्ग लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey
Follow Us :GoogleNews
उज्जैन में इंसानियत तार-तार, 9 से 11 साल के बच्चों ने सो रहे बुजुर्ग को घेरा, धोती खींची और लूट लिए पैसे