उज्जैन जिले में इन दिनों बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। एक के बाद एक शहर में चार हत्या की वारदातों को अंजाम दिया जा चुका है। यही वजह है कि पुलिस प्रशासन अब लगातार अलर्ट नजर आ रहा है। कानून व्यवस्था को बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सघन चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा।
इसी कड़ी में अब रात 11 बजे के बाद उज्जैन पुलिस ने एसपी प्रदीप शर्मा के निर्देश के बाद मुख्य चौराहों संवेदनशील स्थानों पर वाहनों और वाहन चालकों की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। शहर में ज्यादा चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं जहां पर लगातार वाहनों की जांच की जा रही है। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर खास नजर रखी जा रही है।
उज्जैन पुलिस का चेकिंग अभियान
शहर में अलग-अलग जगह पर बनाए गए चेकिंग पॉइंट पर वाहन चालकों को रोककर उनकी तलाशी ली जा रही है। यहां पुलिस की टीम मुस्तैदी के साथ अपने काम में लगी हुई है। वाहन चालकों से उनके दस्तावेज मांगे जा रहे हैं इसी के साथ जो रिक्शा चालक हैं, उनकी भी चेकिंग की जा रही है।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई
इस चेकिंग अभियान के दौरान उन लोगों पर खास नजर रखे जा रही है जो शराब पीकर वाहन चलाते हैं। पुलिस का कहना है कि रूटीन चेकिंग अभियान के अंतर्गत वाहन चालकों की चेकिंग की जा रही है। अक्सर यह देखने को मिलता है कि रात के समय शराब पीकर वाहन चलाने वाले दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं। दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके ऐसे में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस सख्त रुख अपना रही है। जिन लोगों के शराब पीने की आशंका है, मशीन के जरिए उनका टेस्ट भी किया जा रहा है। वहीं संदिग्ध नजर आने वाले लोगों को रोक कर पूछताछ भी की जा रही है।
सुरक्षा के उद्देश्य से चलाया जा रहा अभियान
पुलिस का कहना है कि इस चेकिंग अभियान का उद्देश्य अपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ वाहन चालकों और आम नागरिकों की सुरक्षा को सुनिश्चित करना है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि किसी भी अपराध या दुर्घटना पर पहले से रोक लगाई जा सके।






