उज्जैन के सबसे व्यस्त टावर चौक पर दिनदहाड़े हुई फायरिंग ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी। एक बुजुर्ग को गोली मारने के बाद भागे आरोपी को पुलिस ने कुछ ही देर में गिरफ्तार कर लिया। हिरासत में आरोपी ने दावा किया कि वह तीन-चार और लोगों को भी गोली मारने की योजना बना चुका था। इस खुलासे के बाद पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
व्यस्त चौराहे पर दिनदहाड़े चली गोली
दरअसल शुक्रवार प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली लगते ही घायल व्यक्ति सड़क पर गिर पड़े और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं पुलिस के मुताबिक घायल की पहचान अब्दालपुरा निवासी करीब 50 वर्षीय आशुतोष सोनी के रूप में हुई है। उन्हें पेट में गोली लगी है और उनका इलाज अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
वहीं शहर के सबसे व्यस्त बाजार क्षेत्र में हुई इस वारदात ने कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े हुई फायरिंग के कारण कुछ समय के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और व्यापारियों सहित स्थानीय लोगों में भी चिंता देखने को मिली।
नाकाबंदी के बाद दबोचा गया आरोपी, भागने की कोशिश में खुद भी हुआ घायल
दरअसल गोलीकांड की सूचना मिलते ही उज्जैन पुलिस ने पूरे शहर में अलर्ट जारी कर दिया और सभी प्रमुख रास्तों पर नाकाबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की सक्रियता का असर यह रहा कि आरोपी ज्यादा दूर नहीं भाग सका। देवास गेट थाना क्षेत्र के हरिओम टोल नाके के पास पुलिस ने आरोपी प्रभुलाल मालवीय को घेर लिया। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने भागने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वह खुद भी घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज भी जारी है।
घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और उसने इस पूरी वारदात की योजना कब और कैसे बनाई।
पूछताछ में चौंकाने वाला दावा- ‘तीन-चार और लोगों को भी मारने वाला था’
वहीं गिरफ्तारी के बाद प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी प्रभुलाल मालवीय ने पुलिस के सामने कई चौंकाने वाले दावे किए। मीडिया रिपोर्ट में किए गए दावे के मुताबिक आरोपी ने कहा कि उसने केवल आशुतोष सोनी को ही निशाना बनाने की योजना नहीं बनाई थी, बल्कि वह तीन-चार अन्य लोगों को भी गोली मारने की तैयारी में था। आरोपी का कहना है कि आशुतोष सोनी उसे लंबे समय से परेशान कर रहे थे और इसी कारण उसने उन पर हमला किया। हालांकि उसने जिन अन्य लोगों को निशाना बनाने की बात कही है, उनके बारे में अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस अब आरोपी के बयान की सत्यता की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या वास्तव में उसने अन्य लोगों की भी सूची तैयार कर रखी थी या यह केवल पूछताछ के दौरान किया गया दावा है। इस खुलासे के बाद पुलिस ने मामले को और गंभीरता से लेते हुए आरोपी के पुराने रिकॉर्ड, उसके संपर्कों और संभावित विवादों की भी जांच शुरू कर दी है।
मानसिक स्थिति की होगी जांच
मामले की जांच कर रही सीएसपी दीपिका शिंदे ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के दौरान उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लगी। इसी कारण पुलिस अब चिकित्सकीय परीक्षण के माध्यम से उसकी मानसिक स्थिति की भी जांच करा रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि आरोपी द्वारा किए गए दावे वास्तविक हैं या फिर मानसिक अस्थिरता के कारण दिए गए बयान हैं। इसके साथ ही गोलीकांड के पीछे की असली वजह, दोनों पक्षों के बीच पुराने विवाद और आरोपी की गतिविधियों की भी विस्तार से जांच की जा रही है।






