
उमरिया: मध्यप्रदेश के उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की महिला शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने प्राचार्य की कार्यशैली पर सवाल उठाये हुये उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महिला शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों मुख्य गेट के सामने विरोध प्रदर्शन किया। इसके साथ ही पाली थाने पहुंचकर शिकायत पत्र सौंपा और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।
जानकारी अनुसार, महिला शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों शिकायत पत्र के जरिये प्राचार्य पर व्यवहार को लेकर कई गंभीर आरोप लगाये हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि महिला शिक्षिकाओं को बार-बार कार्यालय में बुलाया जाता है और और छुट्टी होने के बाद भी देर तक बैठाया जाता है। बातचीत के दौरान व्यक्तिगत टिप्पणियां किए जाने से उन्हें असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।
प्राचार्य पर लगाए गए गंभीर आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि महिला शिक्षिकाओं की कक्षाओं में प्राचार्य अचानक पहुंचकर विद्यार्थियों के सामने उन्हें टोकते हैं तथा पढ़ाने को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हैं। इससे शिक्षिकाओं के सम्मान और कार्य करने के माहौल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की बात कही गई है।
महिला कर्मचारियों ने गर्ल्स हॉस्टल में पर्याप्त पूर्व सूचना और समुचित समन्वय के बिना पहुंचने को लेकर भी आपत्ति जताई है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, इस तरह की परिस्थितियां छात्राओं की निजता और सुरक्षा से जुड़े सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने विद्यालय में ऐसा वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की है, जहां छात्राएं और महिला कर्मचारी स्वयं को सुरक्षित एवं सम्मानित महसूस कर सकें।
महिला शिक्षिका के साथ अभद्र व्यवहार का आरोप
शिकायत में परीक्षा प्रभारी महिला शिक्षिका के साथ अभद्र व्यवहार का मामला भी उठाया गया है। आरोप है कि प्रश्नपत्रों की छपाई के लिए प्रिंटर उपलब्ध कराने को लेकर हुए विवाद के दौरान प्राचार्य ने अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। इसके अलावा परीक्षा संबंधी रजिस्टर फेंकने और संबंधित शिक्षिका को धमकी भरी टिप्पणियां करने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि रजिस्टर फेंकने की घटना विद्यालय परिसर में लगे CCTV कैमरों में दर्ज हो सकती है। ऐसे में उन्होंने संबंधित फुटेज और दस्तावेज सुरक्षित रखकर जांच किए जाने की आवश्यकता जताई है।
पुलिस को सौंपा शिकायत पत्र
विरोध प्रदर्शन के बाद महिला शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने पुलिस को शिकायत पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों के स्वतंत्र बयान दर्ज करने, शिकायत की गोपनीयता बनाए रखने और किसी भी प्रकार के दबाव से सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई है।
उमरिया से ब्रजेश श्रीवास्तव की रिपोर्ट
