सीमेंट गोदाम में नशीली दवाओं का भंडार, कोडीनयुक्त कफ सिरप की 1318 शीशियां व 52560 टैबलेट-कैप्सूल जब्त, दो गिरफ्तार

बरगवां में मेडिकल स्टोर से जुड़े सीमेंट गोदाम पर पुलिस की दबिश, कोडीन युक्त कफ सिरप  की 1,318 शीशियां और  52,560 टैबलेट-कैप्सूल जब्त, दो गिरफ्तार इसमें एक मेडिकल स्टोर संचालक 
Singrauli police seized 1,318 bottles of codeine-based cough syrup

Singrauli police seized 1,318 bottles of codeine-based cough syrup

सिंगरौली जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ बरगवां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोडीनयुक्त कफ सिरप की 1,318 शीशियां और 52,560 टैबलेट-कैप्सूल जब्त किए हैं। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक बोलेरो और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

मध्य प्रदेश पुलिस ने पिछले दिनों “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान चलाकर नशाखोरी पर बड़ा प्रहार किया था, अब मुख्यालय के निर्देश पर 15 दिवसीय राज्य स्तरीय विशेष एंटी नारकोटिक्स अभियान चलाया जा रहा है , इसी क्रम में सिंगरौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है और पुलिस ने नशीली दवाओं का जखीरा पकड़ा है।

पुलिस अधीक्षक षियाज़ केएम ने  मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर स्टार मेडिकल स्टोर पर दबिश देकर ग्राम सेमुआर निवासी सुकसेन बैस (22) को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से दो पेटियों में कोडीनयुक्त कफ सिरप की 238 शीशियां बरामद हुईं। इस सिरप ले जाने में इस्तेमाल की जा रही हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की।

सीमेंट गोदाम में मिला दवाओं का जखीरा

मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई के बाद पुलिस ने ग्राम सेमुआर स्थित ईंट प्लांट के सीमेंट गोदाम में तलाशी ली। यहां से कोडीनयुक्त कफ सिरप की 1,080 शीशियों के अलावा DIPATRAM PLUS के 10,080 कैप्सूल, Pyeevon Spas-T के 17,280 कैप्सूल और ALZOMAC-0.5 की 25,200 टैबलेट बरामद की गईं। पुलिस ने मौके से बोलेरो वाहन क्रमांक MP66T3098 भी जब्त किया। मामले में मेडिकल स्टोर संचालक नीतीश कुमार बैस (25) को गिरफ्तार किया गया है।

सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब जब्त दवाओं की खरीद, भंडारण और परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में दवाएं कहां से लाई गई थीं और इन्हें कहां भेजने की तैयारी थी।  पुलिस नशीली दवाओं के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है, संभावना जताई जा रही है कि इसमें कई दवा व्यापारी शामिल हो सकते हैं ।

राघवेन्द्र सिंह गहरवार की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews