
Senior Girls Hostel Students accused warden of harassment
उमरिया जिले के वीरांगना रानी दुर्गावती उत्कृष्ट सीनियर कन्या छात्रावास की छात्राओं ने छात्रावास की व्यवस्थाओं और भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर शिकायतें की हैं। छात्राओं ने अधीक्षिका पर प्रतादने के भी गंभीर आरोप लगाये, परेशान छात्राएं अपर कलेक्टर के निवास पहुंचीं और अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराते हुए शिकायत दर्ज कराई।
छात्राओं ने आरोप लगाया कि छात्रावास में शासन द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध नहीं कराया जाता है। कई बार उन्हें भोजन के नाम पर केवल रोटी और अचार दिया जाता है। छात्राओं ने छात्रावास की वार्डन पर भी प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं।
छात्राओं ने मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाये
छात्राओं का कहना है कि अपनी समस्याएं बताने पर उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया जाता और उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जाता है। इसके अलावा छात्राओं ने छात्रावास की राशन व्यवस्था में भी गड़बड़ी होने के आरोप लगाए हैं, छात्राओं ने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
अपर कलेक्टर ने दिए जाँच के आदेश
अपनी शिकायत लेकर अपर कलेक्टर के निवास पहुंची छात्राओं ने छात्रावास में व्याप्त समस्याओं को विस्तार से बताया। छात्राओं की शिकायत को अपर कलेक्टर ने गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।अपर कलेक्टर ने सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को छात्रावास का निरीक्षण करने तथा छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही छात्रावास में भोजन व्यवस्था, राशन की उपलब्धता एवं वितरण तथा अन्य व्यवस्थाओं की भी जांच किए जाने की बात कही गई है।
अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है। वहीं छात्राओं को उम्मीद है कि प्रशासन मामले की निष्पक्ष जांच कर छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करेगा।
ब्रजेश श्रीवास्तव की रिपोर्ट

