मोहन भागवत की तारीफ में अफजाल; कहा, हिंदू धर्म के लिए RSS से बेहतर कोई नहीं, सभी को उनसे सीख लेनी चाहिए

आरएसएस के तीन दिवसीय शिविर के बाद मोहन भागवत ने देश में एकता और भाईचारे को बढ़ावा देने की बात कही है। उन्होंने भागवत के उस बयान का स्वागत किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि हर मस्जिद और मजार में शिवलिंग तलाश करना देश को कमजोर करेगा।
मोहन भागवत की तारीफ में अफजाल; कहा, हिंदू धर्म के लिए RSS से बेहतर कोई नहीं, सभी को उनसे सीख लेनी चाहिए

समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद अफजाल अंसारी ने शनिवार को गाजीपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत की जमकर तारीफ की। आमतौर पर भाजपा और उसके नेताओं पर निशाना साधने वाले अंसारी ने कहा कि हिंदू धर्म का प्रतिनिधित्व करने के लिए आरएसएस से बेहतर कोई मंच नहीं है। उन्होंने लोगों से भागवत के विचारों से सीख लेने की अपील की, जिससे उत्तर प्रदेश की सियासत में हलचल मच गई है।

अंसारी ने गाजीपुर के रायफल क्लब में विद्युत समिति की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि आरएसएस के तीन दिवसीय शिविर के बाद मोहन भागवत ने देश में एकता और भाईचारे को बढ़ावा देने की बात कही है। उन्होंने भागवत के उस बयान का स्वागत किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि हर मस्जिद और मजार में शिवलिंग तलाश करना देश को कमजोर करेगा। अंसारी ने अन्य धर्मों के गुरुओं से भी इस वक्तव्य का समर्थन करने की अपील की और बिना नाम लिए भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनके पास परिवार नहीं, वे दूसरों के दर्द को नहीं समझ सकते।

टैरिफ के कारण टेक्सटाइल उद्योग में 30 लाख लोग बेरोजगार

इसके साथ ही, अंसारी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाए जाने के मुद्दे पर केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस टैरिफ के कारण टेक्सटाइल उद्योग में 30 लाख लोग बेरोजगार हो सकते हैं, क्योंकि इससे मिलें बंद हो रही हैं। उन्होंने सरकार पर उद्योगों की अनदेखी का आरोप लगाया और इसे आर्थिक संकट का कारण बताया।

कमजोर विदेश नीति के कारण भारत की स्थिति कमजोर

अंसारी ने पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए भारत की विदेश नीति की आलोचना की। उन्होंने कहा कि ट्रंप ने अमेरिका से सीजफायर की घोषणा की, जिसे भारत और पाकिस्तान ने स्वीकार कर लिया, लेकिन कोई भी देश खुलकर भारत के पक्ष में नहीं बोल रहा। उन्होंने केंद्र सरकार पर अडानी को बचाने के लिए चुप रहने का आरोप लगाया और कहा कि कमजोर विदेश नीति के कारण भारत की स्थिति कमजोर हो रही है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews