अखिलेश यादव का यूपी चुनाव 2027 से पहले बड़ा ऐलान, समाजवादी सरकार बनने पर महिलाओं को 40 हजार रुपये पेंशन देने का किया वादा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में एक बड़ा चुनावी वादा किया है। उन्होंने घोषणा की कि यदि सपा की सरकार बनती है तो महिलाओं को सालाना 40,000 रुपये की पेंशन दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कानून-व्यवस्था और विकास परियोजनाओं को लेकर योगी सरकार पर भी जमकर निशाना साधा।
akhilesh yadav

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी बिसात बिछनी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने वादा किया कि अगर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो महिलाओं को 40 हजार रुपये की पेंशन दी जाएगी।

यह ऐलान उन्होंने ‘मालती देवी-मूर्ति देवी महिला सम्मान समारोह’ के दौरान किया, जहां उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया। अखिलेश ने कहा कि सपा हमेशा से महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की पक्षधर रही है।

PDA में ‘आधी आबादी’ पर जोर

अखिलेश यादव ने अपने PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को विस्तार देते हुए कहा कि इसमें ‘A’ का मतलब ‘आधी आबादी’ यानी महिलाएं भी हैं। उन्होंने कहा, “हम PDA में शामिल ‘A’ मतलब ‘आधी आबादी’ अर्थात हर बच्ची, युवती, नारी, महिला को सामाजिक-आर्थिक रूप से समान सम्मान देने और अपने पैरों पर खड़े होने व उन्हें समृद्ध करने के लिए ‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’ लाएंगे।”

सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया पर भी अपनी बात रखते हुए लिखा, “फसल बदलनी है तो बीज बदलने होंगे। स्त्री के प्रति जब मूलभूत मानसिक बीज बदलेंगे तभी उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति में बदलाव आएगा।” उन्होंने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव ने कन्या विद्या धन योजना शुरू की थी, और मौका मिलने पर सपा इससे भी बेहतर योजना लेकर आएगी।

कानून व्यवस्था और विकास पर योगी सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने गोरखपुर हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि किसी के दबाव में आरोपी को थाने से छोड़ दिया गया, यह कानून की हत्या है।

“बनारस में छात्र को सरेआम गोली मार दी गयी। बदायूं में भी घटना हुई। मथुरा में साधु संत की हत्या हुई। दोषी कौन है? पुलिस दोषी है। पुलिस लॉ एंड ऑर्डर के अलावा सब कर रही है। जनता से अपील है कि इस सरकार को हटाएं, इसे हटाए बिना लॉ एंड ऑर्डर सही नहीं हो सकता।”- अखिलेश यादव

इसके अलावा, उन्होंने लखनऊ में बन रहे ग्रीन कॉरिडोर पर भी सवाल उठाए। उन्होंने इसे ‘बर्बाद कॉरिडोर’ बताते हुए कहा, “देश के डिफेंस मिनिस्टर कोशिश करते हैं लखनऊ के लिए लेकिन देश के मुख्यमंत्री ने ग्रीन कॉरिडोर नहीं बल्कि बर्बाद कॉरिडोर बनाया है। इस पर पैदल चलने वालों के लिए भी जगह नहीं है और इसका डिजाइन मानकों के खिलाफ है। 7 हजार करोड़ का बन रहा है, ये कम पैसे में 8 लेन बन सकता था।”

मंत्रिमंडल विस्तार से लेकर बंगाल चुनाव तक

यूपी में योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि असली विकास और विस्तार 2027 में होगा जब सपा की सरकार आएगी। वहीं, बंगाल चुनाव पर उन्होंने कहा कि जनता ममता बनर्जी को ही मुख्यमंत्री बनाने जा रही है और PDA की ताकत भाजपा को सोने नहीं दे रही है। उन्होंने बीजेपी पर बूथ स्तर पर पैसा भेजने का भी आरोप लगाया। सपा प्रमुख ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी अपने विरोधियों को बदनाम करने के लिए पैसा देकर फिल्में बनवा रही है और NCRB के आंकड़े बताते हैं कि बीजेपी शासित राज्यों में ही महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews