“भाजपा का ‘अमृत काल’ अंधकार युग में बदला..” राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला, जानें और क्या कहा

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने राम मंदिर चढ़ावा ​चोरी मामले में एक बार फिर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा का अमृत काल अंधकार युग में बदल गया है। 'भाजपा गैंग' भगवान के ऑडिट से नहीं बच पाएगा।
Akhilesh Yadav

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला अब देश में एक प्रमुख और बड़ा मुद्दा बन गया है। विपक्षी दल लगातार श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और भाजपा सरकार पर निशाना साध रहे हैं। अगर देखा जाए तो उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने यह मुद्दा सबसे पहले उठाया था और राज्य सरकार से सवाल पूछे थे। वहीं अब शुक्रवार को श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा के इस्तीफे के बाद एक बार फिर अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोला है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि लगता है भाजपा का लंका वाला किस्सा अयोध्या में ही होगा। आखिरकार दान भक्तों का नकाब उतर ही गया क्योंकि भगवान की दिव्य शक्ति ने अपना चमत्कार कर दिया है। अब भाजपाइयों के अहंकार की चमचमाती लंका के साम्राज्य का भी अंत होगा और लंकाधिपति का भी। भाजपा के लिए अमृत काल अंधकार युग में बदल गया है।

चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर अखिलेश का तंज

अखिलेश यादव ने चंपत राय और अनिल मिश्रा का नाम लिए बिना इस्तीफे पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि यह सरकार दावा करती थी कि उसके कार्यकाल में कोई इस्तीफा नहीं होता। अब राम मंदिर चढ़ावा-दान चोरी के मामले के बाद जनता तंज कस रही है कि भाजपा कह रही है, हमने कहा था कि कोई इस्तीफा नहीं होगा। हमने इस्तीफा नहीं दिया, बल्कि त्यागपत्र दिया है।

भगवान के ऑडिट से नहीं बच पाएगा भाजपा गैंग: अखिलेश यादव

सपा प्रमुख ने कहा कि असलियत में यह भाजपा के वफादारों और उनके साथियों के काले कारनामों, गलत कामों का पहला चैप्टर है। इस विवाद के बाद पार्टी, उससे जुड़े संगठनों और ट्रस्टों के भीतर आपसी खींचतान तेज हो सकती है, जिससे एक-दूसरे के कथित मामलों का खुलासा होने की संभावना है। यह तो सिर्फ शुरुआत है। आगे चलकर अन्य मामलों और कथित अनियमितताओं को लेकर भी जवाबदेही तय करने की मांग उठ सकती है। उन्होंने कहा कि ‘भाजपा गैंग’ भगवान के ऑडिट से नहीं बच पाएगा। NEET के छात्र कह रहे हैं कि जब इस्तीफे शुरू हो गए हैं, तो ‘लीक लॉर्ड’ को भी ठीक करो।

राम मंदिर चढ़ावा विवाद में अब तक की कार्रवाई

बता दें कि राम मंदिर चढ़ावा विवाद में कार्रवाई होना शुरू हो गई है। राज्य सरकार द्वारा गठित तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपने के बाद गुरुवार को FIR की बड़ी कार्रवाई हुई है। राज्य सरकार के निर्देश पर पुलिस ने 8 लोगों पर मामला दर्ज किया है। वहीं शुक्रवार को रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा ने भी इस्तीफा दे दिया है। इनके इस्तीफे के बाद ही अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews