अयोध्या श्रीराम मंदिर में ध्वजारोहण के बाद सीएम योगी ने सबका आभार जताया, कहा “राष्ट्र में नवजागरण का प्रकाश आलोकित”

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय गौरव, सांस्कृतिक धरोहर और मानवता के सर्वोत्तम मूल्यों का उद्घोष ये भगवा ध्वज विश्व की हर उस आस्था और अस्मिता के लिए आशा का जीवंत प्रतीक है, जिसे कभी नष्ट करने का प्रयास हुआ था। उन्होंने कहा कि यह पावन ध्वज हर हृदय में प्रभु श्री राम के आदर्शों की प्रेरणा जगाएगा, हमें सत्य और धर्मपरायणता की राह पर अग्रसर करेगा और वसुधैव कुटुम्बकम के दिव्य संदेश से हमारे मानस को आलोकित करेगा।
Ayodhya Dharma Dhwaja

Ram Temple Flag Hoisting

उत्तर प्रदेश की पवित्र नगरी अयोध्या में आज एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना। विवाह पंचमी के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीराम मंदिर के शिखर पर केसरिया ‘धर्म ध्वज’ फहराया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्री राम जन्मभूमि मंदिर में धर्म ध्वजारोहण उत्सव का साक्षी बनना एक ऐसा क्षण है जिसका भारत और दुनिया के करोड़ों लोगों को बेसब्री से इंतज़ार था। अयोध्या में इतिहास रचा गया है और यह हमें प्रभु श्री राम के दिखाए मार्ग पर चलने के लिए और भी प्रेरित करता है।

ध्वजारोहण उत्सव के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी पूज्य संतों, रामभक्तों, कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि ‘प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि सनातन एकता और राष्ट्र गौरव की यह दिव्य ज्योति सदैव प्रज्वलित रहे।’

पीएम मोदी ने बताया भावविभोर करने वाला क्षण 

मंगलवार को पीएम मोदी ने अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य शिखर पर केसरिया धर्म ध्वज फहराया। यह आयोजन मंदिर निर्माण के समापन व सांस्कृतिक-धार्मिक प्रतीक स्वरूप मनाया गया। केसरिया रंग के इस ध्वज पर ध्वज ॐ, सूर्य और कोविदार-वृक्ष का चिह्न मौजूद है, जो हिन्दू संस्कृति एवं दर्शन से जुड़े प्रतीक हैं। ध्वजारोहण करने के बाद पीएम मोदी ने इसे भावविभोर करने वाला क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह अनुष्ठान हमारे सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय एकता के नए अध्याय का उद्घोष है। पीएम ने कहा कि “राम मंदिर का गौरवशाली ध्वज, विकसित भारत के नवजागरण की संस्थापना है। ये ध्वज नीति और न्याय का प्रतीक हो, ये ध्वज सुशासन से समृद्धि का पथ प्रदर्शक हो और ये ध्वज विकसित भारत की ऊर्जा बनकर इसी रूप में सदा आरोहित रहे…भगवान श्री राम से यही कामना है।”

सीएम योगी ने सबका आभार जताया

कार्यक्रम संपन्न होने के बाद उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी साधु संतों, भक्तों, अतिथियों, श्रमिकों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “सनातन आस्था के भव्य भगवा ध्वजारोहण के अभूतपूर्व-अविस्मरणीय अवसर पर उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों और श्रद्धालुओं का हृदय से आभार। आपकी भावपूर्ण उपस्थिति ने इस समारोह को जन-जन की आस्था का विराट उत्सव बना दिया। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि सनातन एकता और राष्ट्र गौरव की यह दिव्य ज्योति सदैव प्रज्वलित रहे।” उन्होंने कह कि प्रभु श्री राम की प्राणप्रिय नगरी श्री अयोध्या धाम स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में भव्य भगवा ध्वज के आरोहण का यह पावन क्षण राष्ट्र की आत्मा में नवजागरण का आलोक है, पांच शताब्दियों की तपस्या और संकल्प का दिव्य प्रतिफल है। सीएम ने प्रार्थना की है कि प्रभु श्री राम की कृपा सभी पर निरंतर बरसती रहे और सबके जीवन में सदैव सुख, समृद्धि और मंगल का विस्तार होता रहे।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews