सीएम योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ में 957.82 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 186 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘हमें उदीयमान भारत का अलीगढ़ देखने को मिल रहा है, जो आज उत्कृष्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर, डिफेन्स कॉरीडोर, विश्वविद्यालय और स्वदेशी उद्योगों की नई पहचान बन चुका है।’
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी की ‘वोकल फॉर लोकल’ परिकल्पना को ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ योजना के माध्यम से साकार करने की किया जा रहा है। इस योजना ने प्रत्येक जनपद को नई पहचान दी है जिससे रोजगार और समृद्धि बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बिना भेदभाव के जनता तक सुविधाएं पहुंचा रही है।
186 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अलीगढ़ में 957.82 करोड़ रुपये की लागत से 186 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें से 457.62 करोड़ की 83 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 500.20 करोड़ की 103 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि अलीगढ़ ने ताला उद्योग, हार्डवेयर, इलेक्ट्रिकल आइटम्स और ब्रास मूर्तियों के उत्पादन में राष्ट्रीय पहचान बनाई है। सेना के उपकरणों में भी अलीगढ़ के उत्पादों की मांग बढ़ रही है।
‘कल्याण सिंह जी की विरासत का सम्मान’
सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ विज़न को ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ योजना से जोड़ते हुए बताया कि यह योजना न सिर्फ रोज़गार बढ़ा रही है, बल्कि हर जिले को नई पहचान भी दे रही है। मुख्यमंत्री ने कल्याण सिंह को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अलीगढ़ को समग्र विकास की ऊंचाइयों तक पहुंचाया और उनके प्रयासों से ही अलीगढ़ को ‘ताला नगरी’ की पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि आज ODOP योजना के जरिए उस विरासत को आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में 60,244 पुलिस कर्मियों की भर्ती में अलीगढ़ के 1344 युवाओं को चयनित किया गया। आने वाले समय में 30,000 और पदों पर भर्ती की जाएगी।
जल्द होगा राजा महेन्द्र प्रताप विश्वविद्यालय का उद्घाटन
इस अवसर पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय अब पूर्ण रूप से तैयार है और जल्द ही इसका लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय अलीगढ़ को उच्च शिक्षा का आधुनिक केंद्र बनाएगा। मुख्यमंत्री ने स्वदेशी को अपनाने पर ज़ोर देते हुए कहा कि ये आज की आवश्यकता है। हमें त्योहारों और जीवनशैली में स्वदेशी उत्पादों को अपनाना चाहिए। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ का उदाहरण देते हुए कहा कि यह मिशन ‘मेक इन इंडिया’ की सफलता और भारतीय सेना के पराक्रम का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के रक्षा कॉरिडोर के छह नोड्स में अलीगढ़ प्रमुख है जहां अब ब्रह्मोस मिसाइल जैसे उन्नत हथियारों का उत्पादन शुरू हो चुका है। यह आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में एक महत्वपूर्ण कदम है।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भाग लेने का आह्वान
सीएम योगी ने सभी नागरिकों से 13, 14 और 15 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भाग लेने की अपील की। साथ ही स्वच्छता को राष्ट्रीय कर्तव्य बताते हुए रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे पर्वों को इससे जोड़ने का भी सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से आह्वान किया कि वे विकास, स्वच्छता और सुरक्षा के अभियान में सहभागी बनें।
'नए भारत के नए उत्तर प्रदेश' की विकास यात्रा में अगर आप 10 कदम चलेंगे तो डबल इंजन की सरकार आपके साथ 100 कदम आगे चलकर आपके सहयोग के लिए तैयार है।
आज भगवान बलदाऊ जी की कृपा भूमि जनपद अलीगढ़ में ₹958 करोड़ लागत की 186 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास व विभित्र जन-कल्याणकारी… pic.twitter.com/OX0VoKIk0h
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 5, 2025





