
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत स्काउट एंड गाइड के 19वें राष्ट्रीय जंबूरी की तैयारियों की समीक्षा की। 23 से 29 नवंबर तक डिफेंस एक्सपो ग्राउंड, वृंदावन योजना में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में सुरक्षा और सुविधाओं को महाकुंभ की तर्ज पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएम ने कहा कि आयोजन प्रदेश की सुरक्षा, आतिथ्य और सांस्कृतिक क्षमता का परिचायक बने। महाकुंभ की तरह यातायात, स्वच्छता, स्वास्थ्य, आवास, खानपान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पूर्ण समन्वय हो। थीम आत्मनिर्भर स्वदेशी भारत, स्वच्छ एवं विकसित भारत तथा ग्रीन एवं सस्टेनेबल भारत हर स्तर पर झलकनी चाहिए।
किस तरह के होंगे कार्यक्रम
एक्सपो मैदान में राज्यवार प्रदर्शनियों के साथ ग्लोबल विलेज, 75 वर्ष की स्काउटिंग प्रदर्शनी, एयर अग्निवीर, एक जिला-एक उत्पाद, सोलर, रोबोटिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स और आर्मी प्रदर्शनियां लगेंगी। आईटी एवं एआई हब में डिजिटल लर्निंग, लीडरशिप और इनोवेशन कार्यक्रम होंगे। जंबूरी पूरी तरह ग्रीन और सस्टेनेबल रहेगी, जिसमें दो दिन ड्रोन शो भी होगा।
28-29 हजार भारतीय स्काउट-गाइड
आयोजन में 28-29 हजार भारतीय स्काउट-गाइड, दो हजार विदेशी प्रतिभागी और पांच हजार स्वयंसेवक शामिल होंगे। 300 एकड़ क्षेत्र में 3500 टेंट, 2200 शौचालय, 1700 बाथरूम, 100 रसोई, चार सेंट्रल किचन, 100 बेड अस्पताल, 16 डिस्पेंसरी, पुलिस स्टेशन और नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की जा रही है।
