बंगाल में बेटियां और बहनें सुरक्षित नहीं.. चुनावी रैली में गरजे सीएम योगी, राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल, TMC सरकार को घेरा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार, 25 अप्रैल 2026 को पश्चिम बंगाल की नबद्वीप विधानसभा पहुंचे और तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा है। सीएम योगी ने राज्य की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं और टीएमसी सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।
CM Yogi Adityanath

पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान हो चुका है अब सभी राजनीतिक दलों का पूरा फोकस दूसरे चरण के मतदान पर है। राज्य में दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को 142 सीटों पर होना है ​जिसके लिए पार्टियां पूरी ताकत के साथ तैयारियों में जुटी हुईं हैं। इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बंगाल के चुनावी मैदान में खूब गरज और तृणमूल सरकार पर बरस रहे हैं। शनिवार, 25 अप्रैल 2026 को सीएम योगी नबद्वीप विधानसभा पहुंचे जहां उन्होंने भाजपा उम्मीदवार श्रुति शेखर गोस्वामी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया और टीएमसी सरकार पर हमला बोला है।

सीएम योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि चैतन्य महाप्रभु की पवित्र धरती, नबद्वीप विधानसभा क्षेत्र, जनता के इस अटूट विश्वास से भरा हुआ है, जो इस बात का प्रतीक है कि बंगाल अब टीएमसी के कुशासन और दबाने वाली राजनीति से मुक्ति चाहता है। सीएम योगी ने दावा करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों का जनता और भगवान का अभूतपूर्व उत्साह एक स्पष्ट संदेश है कि 4 मई को, जब नतीजे आएंगे, तो बंगाल के कण-कण में राष्ट्रवाद की गूंज होगी, और हर जगह भगवा लहराएगा।

सीएम योगी ने टीएमसी सरकार पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि टीएमसी सरकार पर भ्रष्टाचार, माफिया राज और हिंसा को बढ़ावा देने के आरोप लगाए गए। उन्होंने दावा किया कि राज्य में कानून-व्यवस्था कमजोर हुई है और राजनीतिक हिंसा आम हो गई है। योगी ने कहा कि बंगाल में लैंड, सैंड और कैटल माफिया सक्रिय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र से विकास के लिए, गरीबों के लिए जो पैसा आता है, उसे टीएमसी के गुंडे हड़प लेते हैं। उन्होंने कहा कि अब जनता इस व्यवस्था को बदलने के लिए तैयार है।

सीएम योगी ने बंगाल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

सीएम योगी ने पश्चिम बंगाल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी कड़ा प्रहार किया। मतदान के दौरान होने वाले दंगे और मारपीट का मुद्दा उठाकर टीएमसी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, आज राज्य के लोगों के अंदर डर का माहौल बनाकर रख दिया गया है। बेटियां और बहनें सुरक्षित नहीं हैं, युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है।

उन्होंंने कहा कि ममता बनर्जी के शासन में आज राज्य में सुरक्षा व्यवस्था दूर-दूर तक नहीं है। आये दिन अपराध बढ़ रहे हैं। माफिया राजनीतिक शह में फलता-फूलता रहा है। टीएमसी के राज में अपराध और अपराधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। गुंडागर्दी के दम पर वोट हासिल करना, आज इनका काम हो गया है। उन्होंने दावा किया कि 4 मई के बाद भाजपा की सरकार बनने के बाद राज्य से अपराध और अपराधियों पर लगाम लगाई जाएगी। राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को सुधारा जाएगा और माफियाओं को कड़ी सजा दी जाएगी।

सीएम योगी ने किया ‘यूपी मॉडल’ का जिक्र

बंगाल की धरती पर सीएम योगी ने ‘यूपी मॉडल’ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में यूपी की दशा और दिशा दोनों बदल गई है। अब वहां किसी सड़क पर कोई नमाज नहीं पढ़ सकता, बिलकुल नहीं। वहां पूरी तरह से त्योहार शांति से मनाए जाते हैं। कोई हंगामा नहीं, कोई गुंडागर्दी नहीं। हर बेटी और बहन को सुरक्षा की गारंटी है। यूपी में आज विकास की धारा बह रही है। भरपूर निवेश आ रहे हैं और राज्य की अर्थव्यवस्था भी लगातार बढ़ रही है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews