सीएम योगी ने कहा “मिडिल ईस्ट युद्ध लंबा चला तो हम मानसिक रूप से तैयार रहें”, बोले- सरकार का साथ देना ही सच्ची राष्ट्रभक्ति

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक संघर्ष के बावजूद भारत सुरक्षित है, लेकिन युद्ध के असर से निपटने के लिए मानसिक तैयारी जरूरी है। उन्होंने जनता से अपील की है कि अफवाहों से बचें और सरकार का साथ दें।
CM Yogi

CM Yogi

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मध्य पूर्व में ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच चल रहे संघर्ष के बारे में कहा कि इस युद्ध का असर न सिर्फ उस क्षेत्र पर बल्कि पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया में हाहाकार है अव्यवस्था है अराजकता है, लेकिन भारत में पीएम मोदी के नेतृत्व में हम सुरक्षित हैं। इसी के साथ उन्होंने कहा कि ‘अगर यह युद्ध लंबा चला तो हर कोई प्रभावित होगा। हमें इसके लिए मानसिक रूप से तैयार रहना होगा।’

गोरखपुर में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क सेंटर के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और देश में फैल रही ईंधन संकट को लेकर कहा कि हमने राज्य के अंदर व्यवस्था की है और जिला प्रशासन से एलपीजी सिलेंडर की होम डिलीवरी लागू करने को कहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अफवाहें फैलाकर माहौल खराब करना चाहते हैं लेकिन भारत में सब ठीक है और हमें झूठी खबरों से बचकर रहना होगा। उन्होंने कहा कि अगर देशहित में सरकार ने कोई कदम उठाती है तो सरकार का साथ देना ही सच्ची राष्ट्रभक्ति होती है।

“मानसिक रूप से तैयार रहें, सरकार का साथ देनी ही सच्ची राष्ट्रभक्ति”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कहा कि यदि मिडिल ईस्ट का संघर्ष लंबा चलता है तो उसका प्रभाव वैश्विक अर्थव्यवस्था और आम लोगों पर पड़ सकता है। ऐसे में लोगों को मानसिक रूप से तैयार रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्रीय चुनौती के समय सरकार और जनता का साथ मिलकर काम करना ही सच्ची राष्ट्रभक्ति है।  सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सुरक्षित है और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए तैयार रहना होगा..यही सच्ची राष्ट्रभक्ति होती है। अगर सरकार ने देशहित में कोई कदम उठाया है तो सबको उनका साथ देना चाहिए।

अफवाहों से बचने की अपील

सीएम ने यह भी कहा कि अफवाहों के कारण लोग अनावश्यक रूप से एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल के लिए लाइनें लगा रहे हैं जबकि वास्तविकता में किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि जो सिलेंडर पहले एक महीने चलता था, उसे अब लोग 5–6 दिन में क्यों लेने पहुंच रहे हैं। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि पहले की तरह एलपीजी सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि “जब आपका नंबर आए, तब ही बुकिंग कराएं। गैस घर तक पहुंचेगी, एजेंसियों पर भीड़ लगाने की जरूरत नहीं है”। उन्होंने ये भी कहा कि कुछ लोग जानबूझकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों और दुष्प्रचार से दूर रहें, क्योंकि इससे न सिर्फ अव्यवस्था फैलती है बल्कि देश की छवि पर भी असर पड़ता है।

साभार: एएनआई

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews