वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य की योगी सरकार श्रद्धालुओं के सामान की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाने जा रही है। काशी विश्वनाथ मंदिर और प्रमुख घाटों के आसपास आधुनिक डिजिटल लगेज लॉकर लगने वाले हैं। हालांकि श्रद्धालुओं को इन लॉकरों का इस्तेमाल करने के लिए भुगतान करना होगा। इसके लिए डिजिटल पेमेंट की सुविधा भी रहेगी।
बता दें कि इन डिजिटल लॉकरों श्रद्धालु अपना मोबाइल फोन से लेकर सूटकेस तक रख सकते हैं। जानकारी के मुताबिक, डिजिटल लगेज लॉकर काशी विश्वनाथ मंदिर के आस-पास और दशाश्वमेध घाट के पास लगाए जाएंगे। जिसके बाद यात्रियों को अपनी कीमती सामान अपने साथ लेकर घूमने की चिंता नहीं होगी बल्कि उनको एक अपना सामान रखने के लिए एक सुरक्षित स्थान मिलेगा।
इस संबंध में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जानकारी देते हुए बताया है कि वाराणसी में आने वाले श्रद्धालुओं के सामान की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह डिजिटल लगेज लॉकर की व्यवस्था की जा रही है। इससे श्रद्धालुओं को अपने सामान चोरी या फिर खोने का डर नहीं होगा। कई श्रद्धालु कीमती सामान भी लिए रहते हैं जिसको रखने के लिए अब एक नया और सुरक्षित ठिकाना मिलेगा।
वाराणसी में कहां-कहां लगेंगे डिजिटल लगेज लॉकर?
जानकारी अनुसार, डिजिटल लगेज लॉकर की व्यवस्था दशाश्वमेध घाट के पास दशाश्वमेध प्लाजा, गोदौलिया, टाउन हॉल और बेनियाबाग पार्किंग में डिजिटल लॉकर लगाया जाना है। अभी कुल 225 डिजिटल लॉकर की सुविधा रहेगी, जिसमें छोटे, मध्यम, बड़े और एक्स्ट्रा लार्ज चार तरह के डिजिटल लॉकर उपलब्ध होंगे।
गौरतलब है कि वाराणसी धार्मिक पर्यटन का बहुत बड़ा केंद्र है। जहां प्रतिदिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु गंगा घाट और विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए आते हैं। दूर से जो भक्त आते हैं उनको सामान चोरी होने का डर बना रहता है। जिसकी कई शिकायतें भी सामने आती हैं। हालांकि इन लॉकरों के लग जाने से श्रद्धालुओं को अपने सामान के लिए एक बड़ी सुरक्षा सुविधा मिलेगी।





