उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज बस्ती के बसहवा में विद्या भारती के नए स्कूल भवन का शिलान्यास और भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि कुछ ताकतें फर्जी अकाउंट्स के जरिए समाज में भ्रम फैलाने और जातियों को आपस में लड़वाने की साजिश रच रही हैं। उन्होंने युवाओं को तकनीक के सकारात्मक उपयोग के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग शिक्षा और जागरूकता के लिए होना चाहिए। सीएम ने जोर देकर कहा कि तकनीक को समाज और देश के हित में ढालना हमारा दायित्व है, न कि उसका दास बनना।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया का एक सकारात्मक पहलू है, जिसका उदाहरण कोविड काल में देखने को मिला, जब इसका उपयोग शिक्षा और जागरूकता के लिए किया गया। लेकिन इसका दुरुपयोग भी बड़े पैमाने पर हो रहा है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर क्राइम के खतरों के प्रति भी युवाओं को आगाह किया। सीएम ने कहा कि कुछ लोग भारत को कमजोर करने के लिए सोशल मीडिया के जरिए गाली-गलौज और विभाजनकारी गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने सतर्कता बरतने की जरूरत पर बल दिया ताकि तकनीक हमें नियंत्रित न करे।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति नए भारत के निर्माण

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि यह नीति नए भारत के निर्माण का आधार है, जिसमें शिक्षा, विरासत और तकनीक का समन्वय है। उन्होंने बताया कि तकनीक ने शिक्षा को सुलभ बनाया है, जिससे एक शिक्षक द्वारा तैयार किया गया कंटेंट देशभर के शिक्षण संस्थानों में साझा किया जा सकता है। लेकिन उन्होंने चेतावनी दी कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते उपयोग के साथ इसका दुरुपयोग भी बढ़ रहा है। सीएम ने युवाओं से अपील की कि वे तकनीक का उपयोग रचनात्मक कार्यों के लिए करें और समाज को जोड़ने में योगदान दें।

देश के लिए एक मिसाल

सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आठ साल पहले प्रदेश को बीमारू राज्य माना जाता था, लेकिन आज यह देश के विकास का ग्रोथ इंजन बन चुका है। उन्होंने अपनी सरकार के साढ़े आठ साल के कार्यकाल में 8.5 लाख युवाओं को नौकरी देने का दावा किया। उन्होंने कहा कि गांवों और क्षेत्रों का विकास ही विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करेगा। सीएम ने जोर देकर कहा कि उत्तर प्रदेश अब विकास की राह पर अग्रसर है और देश के लिए एक मिसाल बन रहा है।