प्रयागराज के फाफामऊ में दर्दनाक हादसा, भरभराकर गिरा कोल्ड स्टोरेज, 4 मजदूरों की मौत, PM और CM ने किया मुआवजे का ऐलान

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित फाफामऊ इलाके में सोमवार दोपहर एक 27 साल पुराने कोल्ड स्टोरेज की इमारत ढहने से बड़ा हादसा हो गया। समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री अंसार अहमद के इस कोल्ड स्टोरेज में हुए हादसे में 4 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 17 लोगों को मलबे से निकाला गया है। मौके पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें बचाव कार्य में जुटी हैं।
Prayagraj

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक जोरदार धमाके ने पूरे फाफामऊ इलाके को दहला दिया। धमाके के बाद समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री अंसार अहमद का आदर्श कोल्ड स्टोरेज भरभराकर ढह गया। इस दर्दनाक हादसे में मलबे के नीचे दबने से चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई।

प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। मरने वाले मजदूरों की पहचान पिलत चौधरी, मशींदर, ज्योतिष और जगदीश के रूप में हुई है। इनमें से जगदीश प्रयागराज के ही रहने वाले थे, जबकि बाकी तीनों मजदूर बिहार से यहां काम करने आए थे। हालांकि, खबर लिखे जाने तक प्रशासन ने आधिकारिक तौर पर मौतों के आंकड़ों की पुष्टि नहीं की थी।

बचाव कार्य और अमोनिया गैस का रिसाव

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। 7 जेसीबी मशीनों की मदद से मलबे को हटाने का काम तेजी से शुरू किया गया। देर शाम तक मलबे से 17 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिल्डिंग गिरने के बाद अमोनिया गैस का तेजी से रिसाव शुरू हो गया, जिसकी गंध करीब एक किलोमीटर के दायरे में फैल गई। इसके चलते बचाव कार्य में भी दिक्कतें आईं और स्थानीय लोग दहशत में आ गए। कई लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर घूमते दिखे। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है और उन्हें पुलिस के विरोध का भी सामना करना पड़ा।

27 साल पुराना था कोल्ड स्टोरेज

यह कोल्ड स्टोरेज फाफामऊ इलाके में करीब 5 हजार स्क्वायर फीट जमीन पर बना था और इसके मालिक सपा नेता व पूर्व मंत्री अंसार अहमद हैं। जानकारी के मुताबिक, यह करीब 27 साल पुराना था और इसमें तीन बिल्डिंग थीं। ढहने वाली इमारत का हिस्सा लगभग 1500 स्क्वायर फीट का था। इस कोल्ड स्टोरेज में 100 से ज्यादा लोग काम करते थे। हादसे के बाद पुलिस ने कोल्ड स्टोरेज के मैनेजर और मालिक अंसार अहमद के परिवार के कुछ सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया दुख, मुआवजे की घोषणा

इस भीषण हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर मृतकों के परिजनों को PMNRF से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews